रायपुर (CGVARTA)। छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव का बिगुल बजते ही भाजपा (BJP) ने 64 उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी की। इसके पहले भाजपा (BJP) ने 20 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी, जिसमें पाटन विधानसभा से भाजपा ने पहले ही सांसद विजय बघेल को टिकट दे दिया है।
धरमजीत सिंह को तखतपुर से बनाया उम्मीदवार
वहीँ, यदि दूसरी सूची की बात करें तो, सांसद व भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष अरुण साव को लोरमी से उम्मीदवार बनाया गया है। लोरमी से अब तक पहले कांग्रेस व बाद में जोगी कांग्रेस के प्रत्याशी के रूप में धरमजीत सिंह विधायक बनते आ रहे हैं, इस बार उन्हें तखतपुर से भाजपा ने उम्मीदवार बनाया है।
कौन हैं अरुण साव
अरुण साव राजनीति में आने से पहले वकालत के पेशे से जुड़े हुए थे। साथ ही वे राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सक्रिय कार्यकर्ता हैं। अरुण साव ने बी.कॉम के बाद एलएलबी की शिक्षा हासिल की। इस दौरान वे नियमति राष्ट्रीय स्वयंसेवक (आरएसएस) की शाखा में जाते रहे। कॉलेज के दिनों में वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से छात्र राजनीति से सामाजिक जीवन की शुरुआत की। नगर अध्यक्ष, विभाग प्रमुख, संभाग प्रमुख, प्रदेश सहमंत्री, राष्ट्रीय कार्य समिति सदस्य जैसे अनेक महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन किया।
भारी मतों से जीते लोकसभा चुनाव
सत्रहवीं लोक सभा में बिलासपुर लोकसभा सीट से चुनाव लड़े तथा रिकार्ड मतों से विजयी हुए। संसद में अपने लोकसभा बिलासपुर के साथ-साथ सम्पूर्ण छत्तीसगढ़ की समस्याओं को सदन में मुखरता के साथ उठाए।