ISRO का 'बाहुबली' रॉकेट आज भरेगा उड़ान, देश का सबसे भारी संचार उपग्रह होगा लॉन्च

CMS-03 उपग्रह से नौसेना की कनेक्टिविटी और डिजिटल सेवाओं को मिलेगी नई रफ्तार, शाम 5:26 बजे होगा प्रक्षेपण
नई दिल्ली। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) रविवार को देश के सबसे भारी संचार उपग्रह CMS-03 को आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से प्रक्षेपित करने जा रहा है।
लगभग 4,410 किलोग्राम वजन वाला यह उपग्रह भारतीय धरती से लॉन्च होने वाला सबसे भारी उपग्रह होगा, जिसे जियोसिंक्रोनस ट्रांसफर ऑर्बिट (GTO) में स्थापित किया जाएगा। यह लॉन्च शाम 5:26 बजे LVM3-M5 रॉकेट के जरिए किया जाएगा।
यह उपग्रह भारतीय भूभाग सहित विस्तृत समुद्री क्षेत्र को कवर करेगा और भारतीय नौसेना की कनेक्टिविटी को मजबूत बनाएगा। इसके जरिए हाई कैपेसिटी बैंडविड्थ मिलेगी, जिससे दूरस्थ क्षेत्रों तक डिजिटल पहुंच और संचार सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा।
इसरो ने बताया कि रॉकेट को पूरी तरह तैयार कर 26 अक्टूबर को ही लॉन्च पैड पर पहुंचा दिया गया था। 43.5 मीटर लंबा यह रॉकेट अपने शक्तिशाली क्रायोजेनिक चरण (Cryogenic Stage) के साथ 4,000 किलो तक का GTO पेलोड और 8,000 किलो तक का लो अर्थ ऑर्बिट पेलोड अंतरिक्ष में ले जा सकता है।
‘बाहुबली’ नाम क्यों मिला?
इसकी भारी क्षमता और ताकत के कारण इस रॉकेट को ‘बाहुबली रॉकेट’ कहा जाता है। यह तीन चरणों वाला रॉकेट है —
-
S200 बूस्टर (ठोस रॉकेट चरण)
-
L110 लिक्विड स्टेज (विकास इंजन द्वारा संचालित)
-
C25 क्रायोजेनिक स्टेज
इसी रॉकेट ने भारत के गर्व चंद्रयान-3 मिशन को सफलता के साथ चंद्रमा तक पहुंचाया था। अब LVM3-M5 की यह पांचवीं परिचालन उड़ान होगी, जो भारत की स्पेस टेक्नोलॉजी में एक और ऐतिहासिक अध्याय जोड़ने जा रही है

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
