नई दिल्ली (CGVARTA)। केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) व एसएसएफ में कांस्टेबल (जीडी), असम राइफल्स में राइफलमैन (जीडी) और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो में सिपाही भर्ती 2025 के लिए ऑनलाइन आवेदन गुरुवार से शुरू हो गए हैं। कर्मचारी चयन आयोग (एसएससी) की सबसे बड़ी भर्तियों में से कांस्टेबल जीडी के 39,481 पदों के लिए 01 जनवरी 2025 तक हाईस्कूल पास 18 से 23 साल के अभ्यर्थी 14 अक्टूबर की रात 11 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।
ऑनलाइन आवेदन फीस 15 अक्टूबर की रात 11 बजे तक जमा होगी। ऑनलाइन आवेदन पत्रों में त्रुटि संशोधन के लिए पांच नवंबर से सात नवंबर की रात 11 बजे तक मौका मिलेगा। इस भर्ती के लिए पहले चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षा जनवरी-फरवरी 2025 में संभावित है। पिछली भर्ती के लिए देशभर से 47,45,501 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। आवेदन के समय संभावित पदों की संख्या 26,146 थी जो बाद में बढ़कर 46,617 हो गई थी। पहले कांस्टेबल जीडी भर्ती के लिए पहले चरण की परीक्षा केवल हिन्दी और अंग्रेजी भाषा में होती थी। लेकिन गैर हिन्दी-अंग्रेजी भाषी अभ्यर्थियों की सहूलियत को देखते हुए 2024 से यह परीक्षा 13 भाषाओं में होने लगी है।
यहां पढ़ें 10 खास बातें
1. योग्यता – कांस्टेबल भर्ती में 10वीं पास युवा आवेदन कर सकेंगे।
2. आयु सीमा – 18 वर्ष से 23 वर्ष होगी। आयु की गणना 1 जनवरी 2025 से होगी। उम्मीदवार का जन्म 2 जनवरी 2002 से पहले और 01 जनवरी 2007 के बाद नहीं होना चाहिए। अधिकतम आयु सीमा में ओबीसी को तीन वर्ष और एससी एसटी वर्ग को पांच वर्ष की छूट रहेगी।
3. चयन कैसे होगा
सबसे पहले लिखित परीक्षा (कंप्यूटर बेस्ड) होगी। इसमें सफल उम्मीदवारों को शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) और शारीरिक मापतौल परीक्षा (पीएसटी) के बुलाया जाएगा। जो पीईटी पीएसटी में पास होंगे उन्हें मेडिकल व डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाया जाएगा। लिखित परीक्षा में प्राप्ताकों के आधार पर फाइनल मेरिट लिस्ट बनेगी। पीईटी पीएसटी महज क्वालिफाइंग होंगे। पीईटी पीएसटी में सिर्फ पास होना जरूरी होगा।
4. पदों का ब्योरा
फोर्स | पुरुष | महिला | योग |
बीएसएफ | 13,306 | 2,348 | 15,654 |
सीआईएसएफ | 6,430 | 715 | 7,145 |
सीआरपीएफ | 11,299 | 242 | 11,541 |
एसएसबी | 819 | 000 | 819 |
आईटीबीपी | 2,564 | 453 | 3,017 |
असम राइफल्स | 1,148 | 100 | 1,248 |
एसएसएफ | 35 | 000 | 35 |
एनसीबी | 11 | 11 | 22 |
योग | 35,612 | 3,869 | 39,481 |
5. लिखित परीक्षा का पैटर्न
पेपर एक घंटे का होगा। पेपर में 80 प्रश्न ही पूछे जाएंगे। लिखित परीक्षा में जनरल इंटेलिजेंस व रीजनिंग, जनरल नॉलेज व जनरल अवेयरनेस, इलिमेंट्री मैथ्स व इंग्लिश/हिन्दी विषय से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। चारों सेक्शन से 20-20 प्रश्न पूछे जाएंगे। सभी सेक्शन 40-40 मार्क्स के होंगे।
6. नेगेटिव मार्किंग होगी। गलत उत्तर के लिए एक चौथाई अंक काटा जाएगा।
7. शारीरिक योग्यता संबंधी नियम ( पीएसटी)
लंबाई
पुरुष उम्मीदवार – 170 सेमी.
महिला उम्मीदवार – 157 सेमी.
सीना- पुरुष उम्मीदवार – 80 सेमी. (फुलाकर – 85 सेमी)
8. शारीरिक दक्षता परीक्षा ( PET – Physical Test)
पुरुष उम्मीदवारों को 24 मिनट में 5 किमी की दौड़ लगानी होगी। महिला उम्मीदवारों को साढ़े 8 मिनट में 1.6 किमी की दौड़ भी लगानी होगी।
9. फाइनल मेरिट
जो पीईटी पीएसटी में पास होंगे, उनकी लिखित परीक्षा में प्राप्ताकों के आधार पर फाइनल मेरिट लिस्ट बनेगी। पीईटी पीएसटी महज क्वालिफाइंग होंगे।
10. 13 भाषाओं में होगी परीक्षा
केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों ( सीएपीएफ ) में कांस्टेबल जीडी के पदों पर भर्ती के लिए होने वाली परीक्षा अब हिंदी व इंग्लिश के अलावा 13 क्षेत्रीय भाषाओं में भी आयोजित होगी। गृह मंत्रालय के इस फैसले से जीडी कांस्टेबल भर्ती परीक्षा में हिस्सा लेने वाले लाखों उम्मीदवार अपनी मातृ भाषा में परीक्षा दे सकेंगे। इससे उनके चयन की संभावनाएं बढ़ेंगी।