एशिया कप 2025: दुबई में आज भारत-पाकिस्तान का महामुकाबला, नई पीढ़ी के सितारे आमने-सामने

दुबई। एशिया कप 2025 में आज रविवार को क्रिकेट जगत की सबसे रोमांचक टक्कर देखने को मिलेगी, जब भारत और पाकिस्तान की टीमें दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में आमने-सामने होंगी। हर बार की तरह इस बार भी दोनों देशों के बीच होने वाले इस मैच ने दुनिया भर के क्रिकेट फैन्स की धड़कनें तेज कर दी हैं। फर्क सिर्फ इतना है कि इस बार दोनों टीमों के किरदार नए हैं।
विराट कोहली और रोहित शर्मा अब घर बैठकर मुकाबला देखेंगे, जबकि बाबर आज़म और मोहम्मद रिज़वान को टिकट लेकर स्टेडियम आना होगा। इस बार मैदान पर अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, सैम अयूब और सलमान आगा जैसे नए सितारे स्पॉटलाइट में हैं।
खिलाड़ियों की भावनाएं उफान पर
पहलगाम आतंकी हमले और ऑपरेशन सिंदूर के बाद दोनों देशों के रिश्तों में कड़वाहट आई है। भारत में कई लोग पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले का बहिष्कार करने की मांग कर रहे थे, लेकिन तमाम विवादों के बीच यह मैच हो रहा है। ऐसे में इस टक्कर के दौरान खिलाड़ियों की भावनाएं अपने चरम पर हो सकती हैं।
दोनों टीमों ने जीता है पहला मैच
भारत ने एशिया कप में यूएई को हराकर जीत के साथ आगाज किया, जबकि पाकिस्तान ने ओमान को मात दी। दोनों ही टीमों के हौसले इस समय बुलंद हैं।
सूर्यकुमार यादव बनाम सलमान आगा
भारत के लिए सूर्यकुमार यादव की फॉर्म बड़ी चिंता है, क्योंकि वे पाकिस्तान के खिलाफ पिछले 5 टी20 में कभी 20 रन भी नहीं बना पाए हैं। दूसरी ओर पाकिस्तान के कप्तान सलमान आगा इस साल शानदार फॉर्म में हैं। उनके आठ अर्धशतकों में से 4 इसी साल आए हैं।
संभावित प्लेइंग इलेवन
भारत: अभिषेक शर्मा, शुभमन गिल, संजू सैमसन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती।
पाकिस्तान: साहिबजादा फरहान, सैम अयूब, फखर जमां, सलमान आगा (कप्तान), हसन नवाज, मोहम्मद हारिस (विकेटकीपर), मोहम्मद नवाज, फहीम अशरफ, शाहीन शाह अफरीदी, सुफियान मुक़ीम, अबरार अहमद।
पिच और मौसम
दुबई की पिच धीमी है और स्पिनरों की मददगार मानी जाती है। पिछले दो साल में यहां खेले गए 36 टी20 मैचों में पहली पारी का औसत रन रेट 7.7 रहा है। बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन गर्मी खिलाड़ियों की परीक्षा जरूर लेगी।
यह मुकाबला सिर्फ दो देशों के बीच नहीं बल्कि नई पीढ़ी के खिलाड़ियों के बीच ताकत और हिम्मत की जंग होगा।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
