web-logo
  • छत्तीसगढ़

    |

    राष्ट्रीय |
    देश – विदेश |
    खेल |
    मनोरंजन |
    धर्म – संस्कृति |
    लाइफस्टाइल |
  • Stories
  • E-papers
      • खेल

        एशिया कप 2025 : भारत-पाक मुकाबले से पहले 'बॉयकॉट' विवाद का असर ड्रेसिंग रूम तक, खिलाड़ियों को गंभीर ने दी मानसिक मजबूती की सलाह

        Niraj TiwariNiraj Tiwari
        Sep 14, 2025, 7:09 PM
        एशिया कप 2025 : भारत-पाक मुकाबले से पहले 'बॉयकॉट' विवाद का असर ड्रेसिंग रूम तक, खिलाड़ियों को गंभीर ने दी मानसिक मजबूती की सलाह
        Share :
        14px16px18px20px22px24px
        Speed:

        स्पोर्ट्स डेस्क। भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप 2025 का महामुकाबला जैसे-जैसे नजदीक आ रहा है, सोशल मीडिया पर इस मैच को 'बॉयकॉट' करने की मांग भी तेज होती जा रही है। रविवार को पूरे दिन #BoycottINDvsPAK ट्रेंड करता रहा। अब खबर है कि इस बहस का असर भारतीय ड्रेसिंग रूम तक पहुंच गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक सूर्यकुमार यादव, शुभमन गिल समेत टीम के कुछ युवा खिलाड़ी इन चर्चाओं से मानसिक रूप से प्रभावित हुए हैं और अंदर ही अंदर काफी दबाव महसूस कर रहे हैं।

        खिलाड़ियों ने गंभीर से ली मानसिक मजबूती की सलाह

        टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, इस तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए खिलाड़ियों ने टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर और सपोर्ट स्टाफ से बातचीत की है। खिलाड़ियों ने इस स्थिति से निपटने के लिए मार्गदर्शन मांगा है। बताया गया कि भले ही इन खिलाड़ियों ने पहले भी पाकिस्तान के खिलाफ मैच खेले हैं, लेकिन इस बार मैदान के बाहर का माहौल काफी असामान्य और चुनौतीपूर्ण हो गया है।

        प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी आया बदलाव

        इस हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहले आम तौर पर टीम के कोच या कप्तान प्रेस कॉन्फ्रेंस में आते हैं, लेकिन इस बार टीम मैनेजमेंट ने सहायक कोच रेयान टेन डेशकाटे को मीडिया के सामने भेजा। यह भी संकेत माना जा रहा है कि ड्रेसिंग रूम में हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हैं।

        जनता की भावनाओं से वाकिफ है टीम

        प्रेस कॉन्फ्रेंस में डेशकाटे ने कहा, “यह एक बेहद संवेदनशील मुद्दा है। हमारे खिलाड़ी भारत की जनता की भावनाओं को भलीभांति समझते हैं। हम जानते हैं कि लोगों की भावनाएं कितनी गहरी हैं, लेकिन खिलाड़ियों को पेशेवर रवैया अपनाकर अपने खेल पर ही ध्यान केंद्रित करना होगा।”

        गंभीर का साफ संदेश — 'भावनाओं को छोड़कर खेल पर ध्यान दो'

        डेशकाटे ने बताया कि मुख्य कोच गौतम गंभीर ने खिलाड़ियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि जो बातें उनके नियंत्रण में नहीं हैं, उन पर ध्यान न दें। उन्होंने खिलाड़ियों से कहा है कि जब मैदान पर उतरें तो भावनाओं को एक तरफ रखकर पूरी तरह से क्रिकेट पर फोकस करें।

        Niraj Tiwari
        author

        Niraj Tiwari

        Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.

        nextArticle