गांव की बेटी ने किया कमाल: बेमेतरा की जागेश्वरी ठाकुर ने राष्ट्रीय स्तर पर जीता गोल्ड, अब बनेगी डॉक्यूमेंट्री की हीरोइन

छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले की कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्रा जागेश्वरी ठाकुर ने भारतीय मार्शल आर्ट में राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। ग्रामीण पृष्ठभूमि से आने वाली जागेश्वरी पर अब खेल एवं शिक्षा मंत्रालय डॉक्यूमेंट्री बना रहा है।
बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले की कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय की छात्रा जागेश्वरी ठाकुर ने भारतीय मार्शल आर्ट (Gatka) में राष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड मेडल जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है।
वह इस उपलब्धि के साथ कस्तूरबा विद्यालय की पहली छात्रा बन गई हैं जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक हासिल किया।
उनकी यह उपलब्धि ग्रामीण क्षेत्रों की बच्चियों के लिए प्रेरणा की मिसाल बन चुकी है।
छोटे से गांव सूरजपुरा (विकासखंड बेरला, जिला बेमेतरा) से शुरू हुआ उनका सफर संघर्षों से भरा रहा।
विद्यालय ने न केवल शिक्षा दी बल्कि कराटे, खेल, नृत्य, सिलाई और क्राफ्ट जैसे प्रशिक्षणों के जरिए उन्हें आत्मनिर्भर बनाया।
जागेश्वरी ने अपने जुनून और अनुशासन से “गतका” खेल को अपनी पहचान बना लिया।
नियमित अभ्यास और शिक्षकों के मार्गदर्शन से उन्होंने शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार में भी अपनी पहचान दर्ज कराई है।
डॉक्यूमेंट्री में दिखेगी जागेश्वरी की कहानी
जागेश्वरी ठाकुर की सफलता की कहानी पर खेल एवं शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म बनाई जा रही है।
यह फिल्म उन बच्चों के लिए प्रेरणा बनेगी जो ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों से आकर संघर्ष कर सफलता प्राप्त करना चाहते हैं।
जागेश्वरी की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे बेमेतरा जिले और छत्तीसगढ़ राज्य के लिए गौरव का क्षण है।
विद्यालय की अधीक्षिका भारती घृतलहरे और शिक्षिकाएं ममता गुरुपंच, राजकिरण मिश्रा, गायत्री साहू, विजयलक्ष्मी परगनिहा, दीप्ति, सावित्री और नेहा वर्मा ने उन्हें बधाई दी और उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
