T20 लीग में बड़ा धमाका! टीम मैनेजर को मिला फिक्सिंग का ऑफर, दांव पर थे करोड़ों रुपये

लखनऊ। यूपी टी20 लीग में उस वक्त हलचल मच गई जब मैच फिक्स करने की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया। जानकारी के मुताबिक, काशी रुद्र टीम के मैनेजर अर्जुन चौहान को एक इंस्टाग्राम यूजर से संदिग्ध संदेश मिला, जिसमें मैच का नतीजा बदलने के लिए करोड़ों की पेशकश की गई थी।
मैनेजर को भेजे गए मैसेज में कथित शख्स ने खुद को बड़ा सट्टेबाज बताते हुए 1 करोड़ रुपये नकद और ऊपर से 50 लाख रुपये कमीशन देने का वादा किया।
कैसे खुला राज़?
जैसे ही मामला सामने आया, टीम मैनेजर ने तुरंत बीसीसीआई की एंटी करप्शन यूनिट (ACU) को सूचना दी। इसके बाद एसीयू ने आरोपी से चैट के बहाने जाल बिछाया और उसका फ़ोन नंबर व बातचीत के सबूत जुटाए। आरोपी ने केवल व्हाट्सएप कॉल और मैसेज पर बात करने की शर्त रखी थी और यहां तक कहा कि उसके लोग मैच के दौरान मैदान पर भी मौजूद रहेंगे।
पुलिस की कार्रवाई
एसीयू ने बातचीत और कॉल की पूरी रिकॉर्डिंग पुलिस को सौंप दी। इसके आधार पर लखनऊ पुलिस ने 31 अगस्त को एफआईआर दर्ज की। शुरुआती जांच से साफ हुआ है कि यह मामला केवल फिक्सिंग ही नहीं, बल्कि एक बड़े सट्टेबाजी नेटवर्क से जुड़ा है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 318, 319, 112, 62, सार्वजनिक जुआ अधिनियम 1867 की धारा 3 और आईटी एक्ट 2000 की धारा 66D के तहत केस दर्ज किया है। फिलहाल, जांचकर्ता आरोपी की पहचान और उसके नेटवर्क को तोड़ने की कोशिश में जुटे हैं।
टूर्नामेंट की स्थिति
गौरतलब है कि यूपी टी20 लीग 17 अगस्त को लखनऊ में शुरू हुई थी और 6 सितंबर तक चलेगी। इस बीच फिक्सिंग की कोशिश का खुलासा होना टूर्नामेंट और आयोजकों के लिए चिंता की बात है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
