कोरबा में सपना चौधरी के शो में बवाल: कार्यक्रम के बाद कमरे में घुसे लोग, टीम से मारपीट

Korba News: हरियाणवी डांसर सपना चौधरी के कार्यक्रम में हंगामा — ज्यादा पैसे लेने के आरोप पर मचा बवाल, पुलिस पहुंची मौके पर
कोरबा। (Sapna Choudhary Korba News) मशहूर हरियाणवी डांसर सपना चौधरी छत्तीसगढ़ के कोरबा में एक कार्यक्रम में प्रस्तुति देने पहुंची थीं।
लेकिन यह जश्न का माहौल कुछ ही देर में बवाल में बदल गया, जब कुछ लोगों ने सपना पर ज्यादा पैसे चार्ज करने का आरोप लगाते हुए उनकी टीम के साथ मारपीट शुरू कर दी।
बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के बीच हंगामे के कारण सपना चौधरी स्टेज पर भड़क गईं।
लोगों ने स्टेज के पास जाकर पैसे फेंकने और हुल्लड़बाजी शुरू कर दी, जिस पर सपना चौधरी ने दर्शकों से शांति बनाए रखने की अपील की, लेकिन लोग नहीं माने।
कार्यक्रम के बाद कमरे में घुसे चार लोग
सपना चौधरी ने बताया कि कार्यक्रम खत्म होने के बाद जब वह रूम में आराम कर रही थीं, तभी चार लोगों ने कमरे का दरवाजा तोड़ने की कोशिश की।
इन लोगों ने गाली-गलौज और मारने की धमकी दी। सपना ने कहा कि उनकी टीम के साथ भी मारपीट की गई, और अगर पुलिस समय पर नहीं पहुंचती, तो बड़ी घटना हो सकती थी।
टीम के साथ मारपीट के लगे आरोप
इस मामले में जश्न रिसोर्ट के मालिक करणदीप ने चारों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
रिपोर्ट में आरोप है कि चारों लोगों ने सपना चौधरी पर ज्यादा पैसे लेने का आरोप लगाकर हंगामा किया, रिसोर्ट में तोड़फोड़ की, और CCTV DVR व ₹10,000 नगद लेकर भाग गए।
कार्यक्रम बीच में ही रोकना पड़ा
सपना चौधरी का कार्यक्रम करीब ढाई घंटे का तय था, लेकिन बढ़ते हंगामे को देखते हुए एक घंटे में ही रोकना पड़ा।
कार्यक्रम स्थल पर अव्यवस्था और स्टेज पर पैसे फेंकने जैसी घटनाएं होती रहीं, जिससे सपना नाराज हो गईं।
पुलिस ने दोनों पक्षों पर दर्ज किया केस
हंगामे के बाद देर रात दोनों पक्ष थाने पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि इस मामले में काउंटर केस दर्ज किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आयोजन के लिए कई आपत्तियां जताई गई थीं, इसके बावजूद आयोजकों ने मनमानी करते हुए कार्यक्रम आयोजित किया।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
