आज शरद पूर्णिमा की रात अमृत बरसेगा: रात्रि 10:53 से 12:09 तक रखें खीर, जानिए पूजन मुहूर्त और विशेष संयोग

रायपुर। इस वर्ष आश्विन पूर्णिमा तिथि सोमवार, 6 अक्टूबर को पड़ रही है। इसी के साथ आज देशभर में शरद पूर्णिमा का पर्व मनाया जाएगा।
पूर्णिमा तिथि आज दोपहर 12:24 बजे से शुरू होकर 7 अक्टूबर सुबह 9:18 बजे तक रहेगी। हालांकि शरद पूर्णिमा की पूजा रात्रि में होती है, इसलिए आज रात ही इसका उत्सव मनाया जाएगा।
चंद्रोदय और खीर रखने का शुभ मुहूर्त
चंद्रोदय शाम 5:27 बजे होगा, लेकिन इस वर्ष भद्रा काल रात्रि 10:53 बजे तक रहेगा। इसलिए खीर रखने का शुभ मुहूर्त रात 10:53 से मध्यरात्रि 12:09 बजे तक का रहेगा।
यही समय चंद्रमा की अमृत किरणों के पृथ्वी पर पड़ने का सबसे शुभ समय माना गया है।
वृद्धि योग का संयोग
इस वर्ष की शरद पूर्णिमा पर वृद्धि योग का दुर्लभ संयोग बन रहा है, जो दोपहर 1:14 बजे तक रहेगा।
ज्योतिषाचार्यों के अनुसार यह योग सुख, समृद्धि और स्वास्थ्य की वृद्धि का प्रतीक है। इस दौरान पूजा-पाठ और दान करने से शुभ फल प्राप्त होते हैं।
शरद पूर्णिमा का महत्व
माना जाता है कि शरद पूर्णिमा की रात चंद्रमा की किरणें अमृतमयी होती हैं। इस रात खीर बनाकर चंद्रमा की रोशनी में रखने से उसमें दिव्य ऊर्जा आती है।
इस खीर को अगले दिन प्रसाद के रूप में ग्रहण करने से तन-मन स्वस्थ और प्रसन्न रहता है।
इस दिन मां लक्ष्मी और भगवान विष्णु की पूजा विशेष फलदायी मानी जाती है।
धार्मिक आयोजन
रायपुर समेत प्रदेशभर के मंदिरों में भक्तों द्वारा खीर बनाकर चंद्रमा के समक्ष अर्पित की जाएगी।
मंदिर समितियों की ओर से यह खीर भक्तों में प्रसाद रूप में वितरित की जाएगी।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
