पुतिन का भारत को समर्थन, अमेरिकी दबाव को कहा अवैध — तेल खरीद पर खुलासा

रूस-भारत संबंध: पुतिन बोले, PM मोदी कभी नहीं झुकेंगे, तेल खरीद पर अमेरिका का दबाव नाकाम
सोची/रूस। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार को वाल्दाई पॉलिसी फोरम में भारत के प्रति समर्थन व्यक्त किया और अमेरिकी दबाव पर आलोचना की। पुतिन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कभी भी ऐसे फैसले नहीं लेंगे, जो भारत की संप्रभुता के खिलाफ हों।
पुतिन ने चेतावनी दी कि अगर भारत रूसी तेल खरीदना बंद करता है, तो उसे 9 से 10 अरब डॉलर का नुकसान उठाना पड़ेगा। उन्होंने यह भी कहा कि रूस के ट्रेड पार्टनर्स पर ऊंचे टैरिफ लगाने से दुनिया भर की ऊर्जा कीमतें बढ़ सकती हैं और अमेरिकी अर्थव्यवस्था पर असर पड़ेगा।
रूसी राष्ट्रपति ने अमेरिका पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जो देश रूस को तेल न खरीदने का दबाव डालते हैं, वही यूरेनियम के लिए रूस पर निर्भर हैं। उन्होंने यह भी जोड़ा कि रूस अमेरिका को यूरेनियम आपूर्ति जारी रखेगा क्योंकि इसमें अमेरिका को फायदा है।
पुतिन ने यूरोपीय देशों से भी अपील की कि वे रूस के डर से जनता में आतंक न फैलाएं। उन्होंने कहा कि जो नेता डर फैलाते हैं, वे या तो नाकाबिल हैं या अपने नागरिकों को धोखा दे रहे हैं।
भारत और रूस के व्यापार असंतुलन को लेकर पुतिन ने कहा कि भारत चाहे तो और कृषि उत्पाद और दवाइयां खरीदकर संतुलन सुधार सकता है। उन्होंने अपनी दिसंबर की भारत यात्रा की खुशी जताई और भरोसा व्यक्त किया कि दोनों देशों के बीच संबंध मजबूत रहेंगे।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
