पीएम मोदी का देश के नाम संबोधन: 22 सितंबर से GST बचत उत्सव, स्वदेशी अपनाने की अपील

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को देश के नाम संबोधन दिया। उन्होंने ऐलान किया कि 22 सितंबर को सूर्योदय के साथ ही पूरे देश में GST बचत उत्सव शुरू हो जाएगा। पीएम ने कहा कि इस बदलाव से गरीब, किसान, व्यापारी, MSME और मिडिल क्लास—सभी को फायदा होगा।
स्वदेशी पर जोर
पीएम मोदी ने कहा कि "हमें वही सामान खरीदना है, जिसे बनाने में देशवासियों का पसीना बहा हो। हमें विदेशी चीजों से मुक्ति पानी होगी और हर घर-हर दुकान को स्वदेशी का प्रतीक बनाना होगा।"
उन्होंने राज्य सरकारों से भी अपील की कि वे स्वदेशी अभियान को गति दें और निवेश के लिए अनुकूल माहौल बनाएं।
MSME और व्यापारियों को फायदा
मोदी ने कहा कि नए GST सुधारों से MSME सेक्टर को डबल फायदा होगा। उनकी बिक्री बढ़ेगी और टैक्स का बोझ घटेगा। साथ ही रोजमर्रा और खाने-पीने की ज्यादातर चीजें या तो टैक्स-फ्री होंगी या सिर्फ 5% स्लैब में आएंगी।
अब सिर्फ दो टैक्स स्लैब
पीएम ने बताया कि पहले GST में 4 स्लैब थे, अब इसे घटाकर सिर्फ 5% और 18% कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि "वन नेशन वन टैक्स का सपना अब साकार हो गया है।"
गरीब और मिडिल क्लास को राहत
मोदी ने कहा कि गरीबों को घर बनाने, टीवी, फ्रिज, बाइक और स्कूटर जैसी चीजों में राहत मिलेगी। वहीं मिडिल क्लास को भी इनकम टैक्स छूट और GST बदलाव से 2.5 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा की बचत होगी।
नवरात्रि की बधाई
अपने संबोधन की शुरुआत और अंत में पीएम मोदी ने देशवासियों को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
