ओडिशा में दुर्गा विसर्जन पर बवाल: हिंसा में 25 घायल, इंटरनेट बंद; VHP ने बुलाया 12 घंटे का बंद

कटक (ओडिशा)। दुर्गा विसर्जन के दौरान ओडिशा के कटक में रविवार रात बड़ा बवाल हो गया। दो समुदायों के बीच झड़प के बाद शहर में हालात तनावपूर्ण हो गए हैं।
प्रशासन ने रात 10 बजे से कर्फ्यू लगा दिया है और इंटरनेट सेवाएं पूरी तरह बंद कर दी गई हैं। हिंसा में अब तक 25 लोग घायल हुए हैं, जिनमें पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं।
विवाद कैसे शुरू हुआ
जानकारी के मुताबिक, दरागाबाजार इलाके से मूर्ति विसर्जन यात्रा जब हाती पोखरी क्षेत्र पहुंची, तब तेज संगीत को लेकर विवाद शुरू हुआ।
स्थानीय लोगों के विरोध के बाद पत्थरबाजी और तोड़फोड़ शुरू हो गई। देखते ही देखते गाड़ियां, दुकानें और घरों पर हमला हुआ।
पुलिस ने हालात काबू में करने के लिए लाठीचार्ज और आंसू गैस का इस्तेमाल किया।
10 जगह आगजनी, कई गाड़ियां जलीं
फायर ब्रिगेड के अधिकारी संजीब कुमार बेहेरा ने बताया कि शहर के कई हिस्सों में दंगाइयों ने आगजनी की।
गौरीशंकर पार्क के पास 8 से 10 जगहों पर आग लगाई गई। आग बुझाने पहुंची टीम पर भी पथराव किया गया।
प्रशासन की सख्ती
पुलिस ने अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शहर के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त फोर्स तैनात की गई है।
डीसीपी खिलाड़ी ऋषिकेश ज्ञानदेव सहित कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।
कलेक्टर और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी हालात पर लगातार नजर रखे हुए हैं।
VHP ने बुलाया बंद
विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने सोमवार को सुबह से शाम तक 12 घंटे का बंद बुलाया है।
VHP प्रवक्ता ने कहा कि प्रशासन ने बार-बार अनुरोध के बावजूद शांतिपूर्ण विसर्जन सुनिश्चित नहीं कराया, इसलिए जनता विरोध दर्ज कराएगी।
मुख्यमंत्री का बयान
सीएम मोहन चरण माझी ने घटना पर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा,
“जो लोग सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं, उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। घायलों का मुफ्त इलाज कराया जाएगा।”

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
