कश्मीर से दिल्ली तक पार्सल कार्गो ट्रेन सेवा शुरू, व्यापारियों और किसानों को बड़ी राहत

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल के तहत कश्मीर घाटी से राजधानी दिल्ली तक पार्सल कार्गो ट्रेन सेवा की शुरुआत सोमवार को हो गई। श्रीनगर रेलवे स्टेशन पर आयोजित एक समारोह में जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने इस विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह विशेष पार्सल कार्गो ट्रेन बड़गाम से आदर्श नगर दिल्ली तक चलाई जा रही है। इसमें 08 पार्सल वेन कोच लगाए गए हैं, जिनकी प्रत्येक कोच की भार वहन क्षमता 23 टन है। इस सेवा से स्थानीय व्यापारियों और किसानों को अपने उत्पाद तेज़, सुरक्षित और समय पर दिल्ली जैसे बड़े बाजारों तक पहुंचाने की सुविधा मिलेगी।
कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर के कृषि मंत्री जावेद अहमद डार, रेलवे बोर्ड के एडीशनल मेंबर डॉ. मनोज सिंह, मंडल रेल प्रबंधक जम्मू विवेक कुमार, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल, और रेलवे अधिकारी साकिब युसूफ सहित व्यापारी समुदाय के कई प्रतिनिधि मौजूद रहे।
इस मौके पर जम्मू-कश्मीर पुलिस के ऑर्केस्ट्रा बैंड ने देशभक्ति की धुनों से माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने कहा कि यह पहल क्षेत्र के आर्थिक विकास की दिशा में बड़ा कदम है। इससे न केवल लॉजिस्टिक लागत कम होगी बल्कि उद्यमियों और किसानों के लिए नए अवसर भी पैदा होंगे।
मंडल रेल प्रबंधक विवेक कुमार ने कहा कि यह ट्रेन भारतीय रेल की ऐतिहासिक उपलब्धि है और राष्ट्र के विकास में रेलवे की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। वहीं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि यह सेवा घाटी के व्यापार और उद्योग को नई ऊंचाइयों तक ले जाएगी।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
