H-1B वीजा पर भारत-अमेरिका में बातचीत तेज, ट्रंप के फैसले से भारतीय प्रोफेशनल्स को मिली राहत की उम्मीद

नई दिल्ली। एच-1बी वीजा को लेकर भारतीय पेशेवरों के लिए राहतभरी खबर सामने आई है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने गुरुवार को कहा कि अमेरिका के साथ इस मुद्दे पर लगातार बातचीत चल रही है। उन्होंने बताया कि यह अभी एक इवॉल्विंग सिचुएशन है और भारत विभिन्न स्तरों पर अमेरिका से संवाद बनाए हुए है।
जायसवाल ने कहा कि भारत का मानना है कि कुशल पेशेवरों का अमेरिका जाना दोनों देशों के लिए फायदेमंद है। उन्होंने यह भी कहा कि उद्योग और अन्य संबंधित पक्षों को अपनी राय देने के लिए एक महीने का समय दिया गया है।
गौरतलब है कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में H-1B वीजा फीस को 1 लाख डॉलर तक बढ़ाने का ऐलान किया था। इसके बाद से भारतीय आईटी प्रोफेशनल्स में चिंता का माहौल था। हालांकि, अमेरिकी प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह फीस केवल नए वीजा एप्लीकेशन पर ही लागू होगी और एक बार ही वसूली जाएगी।
H-1B वीजा के सबसे बड़े लाभार्थी भारतीय ही रहे हैं। आईटी सेक्टर समेत हजारों भारतीय प्रोफेशनल्स इस फैसले से प्रभावित हो सकते हैं। ऐसे में भारत सरकार की सक्रियता और बातचीत से उम्मीद की जा रही है कि इस मामले में सकारात्मक समाधान निकलेगा।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
