पाक-अफगान सीमा पर जंग जैसे हालात — दोनों देशों की सेनाओं में जबरदस्त गोलीबारी, 15 सैनिकों की मौत का दावा

इस्लामाबाद/काबुल। पाकिस्तान और अफगानिस्तान की सेनाओं के बीच सीमा पर तनाव चरम पर पहुंच गया है। दोनों देशों के बीच कई इलाकों में भारी गोलीबारी चल रही है, जिससे हालात सीमित युद्ध जैसे बन गए हैं।
शनिवार की रात अफगानिस्तान की तरफ से तालिबान लड़ाकों द्वारा पाकिस्तान की अग्रिम चौकियों पर हमला किया गया था। पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस गोलीबारी में पाकिस्तान के 15 सैनिकों की मौत हुई है।
पाकिस्तान का जवाबी हमला
रविवार सुबह पाकिस्तान की सेना ने अफगान चौकियों पर टैंक, तोप और ड्रोन्स से जवाबी कार्रवाई की। पाकिस्तानी मीडिया “एक्सप्रेस ट्रिब्यून” के अनुसार, अफगानिस्तान के कई सैन्य ठिकाने तबाह कर दिए गए हैं और कई अफगानी सैनिक व टीटीपी आतंकी मारे गए हैं।
हालांकि, अब तक दोनों देशों की ओर से आधिकारिक आंकड़े जारी नहीं किए गए हैं।
तनाव के केंद्र बने ये इलाके
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अंगूर अड्डा, बाजौर, कुर्रम, दीर, चित्राल, खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान के बरामचा इलाकों में लगातार झड़पें हो रही हैं।
अफगानिस्तान के हेलमंद प्रांत की सरकार के प्रवक्ता मोहम्मद कासिम रियाज ने दावा किया कि, अफगान गोलीबारी में 15 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं।
झड़पों के पीछे की वजह
तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) ने हाल के वर्षों में पाकिस्तान में कई बड़े आतंकी हमले किए हैं।
पाकिस्तान का आरोप है कि अफगान तालिबान टीटीपी को समर्थन दे रहा है, और इसी वजह से सीमावर्ती इलाकों में लगातार संघर्ष हो रहा है।
बीते हफ्ते पाकिस्तान ने काबुल में हवाई हमला कर कई टीटीपी नेताओं को निशाना बनाया था, जिसके जवाब में अफगानिस्तान ने सीमा चौकियों पर गोलीबारी की।
वैश्विक चिंता
दोनों देशों के बीच बढ़ते तनाव को लेकर अंतरराष्ट्रीय समुदाय ने शांति की अपील की है।
संयुक्त राष्ट्र और कई पश्चिमी देशों ने पाकिस्तान और अफगानिस्तान से संवाद के जरिए विवाद सुलझाने की सलाह दी है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
