सरगुजा में जमीन विवाद पर छोटे भाई ने बड़े भाई की कर दी हत्या, बालोद में महिला की धारदार हथियार से मौत

बतौली में पारिवारिक विवाद ने ली जान, दल्लीराजहरा में महिला की खून से लथपथ लाश मिलने से फैली सनसनी — दो जिलों में दो हत्याएं, पुलिस जांच में जुटी
बतौली (सरगुजा)। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। जमीन विवाद को लेकर छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की डंडे से वार कर हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार, बतौली बटईकेला निवासी मुन्ना सिंह (55 वर्ष) गुरुवार को नवा खाई पर्व मना रहे थे। इस दौरान देर शाम ठाकुर सिंह का अपने भाई मुन्ना सिंह से जमीन को लेकर झगड़ा हो गया।
गुस्से में आकर ठाकुर सिंह ने डंडे से ताबड़तोड़ वार कर दिया, जिससे मुन्ना सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तुरंत सीतापुर अस्पताल ले गए, जहां से रायगढ़ मेडिकल कॉलेज रिफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान शुक्रवार को उनकी मौत हो गई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल आरोपी ठाकुर सिंह फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
बालोद में महिला की हत्या, देवर हिरासत में
वहीं, छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के दल्लीराजहरा नगर में एक महिला की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है।
वार्ड क्रमांक 17 में महिला की खून से लथपथ लाश उसके ही घर के बिस्तर पर मिली।
महिला के शरीर पर गहरे चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे स्पष्ट है कि उसकी हत्या धारदार हथियार से की गई है।
पुलिस ने देवर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है, हालांकि अभी हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है।
इस वारदात से इलाके में दहशत और आक्रोश फैल गया है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
