दुर्ग में 6 ड्रग तस्कर गिरफ्तार, कार से 246 ग्राम हेरोइन और 1.25 लाख कैश जब्त

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने हेरोइन (चिट्टा) तस्करी के एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। मोहन नगर थाना क्षेत्र में हुई कार्रवाई में पुलिस ने 6 तस्करों को गिरफ्तार किया और उनके पास से कार में 246 ग्राम हेरोइन, 1.25 लाख रुपये नकद और कुल 31 लाख रुपए मूल्य का माल जब्त किया।
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर मोहन नगर पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने धमधा रोड स्थित सब्जी मंडी के पास घेराबंदी की। कार क्रमांक CG 07 CS 7776 की तलाशी में लाल रंग के बैग में 246 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह लंबे समय से हेरोइन सप्लाई का नेटवर्क चला रहा था। जब्त नशे की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब 25 लाख रुपए आंकी गई है। गिरफ्तार आरोपियों में उज्जवल सिंह उर्फ गोलू, मोन्टी अरोरा, रजत पाण्डेय, राहुल सिंह, लोकेश कुमार ओगरे और जगतार सिंह शामिल हैं।
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं, गिरोह का मुख्य सरगना गुरजीत सिंह उर्फ रूड, न्यायालय ले जाते समय बाथरूम जाने का बहाना बनाकर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि आरोपी के फरार होने में परिसर के बाहर खड़ी महिला की मदद मिली।
पुलिस ने फरार सरगना की खोज तेज कर दी है और उसके खिलाफ पहले से दर्ज मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
