ऑनलाइन शॉपिंग के नाम पर 50 करोड़ की ठगी: खैरागढ़ पुलिस मुंबई पहुंची, 8 आरोपी गिरफ्तार

खैरागढ़ पुलिस 64 हजार की ठगी की जांच करने पहुंची थी, लेकिन खुलासा हुआ 50 करोड़ के बड़े साइबर नेटवर्क का। आरोपी महाराष्ट्र और बिहार के रहने वाले हैं।
राजनांदगांव/खैरागढ़। छत्तीसगढ़ की खैरागढ़ पुलिस ने मुंबई में ऑनलाइन शॉपिंग और गेमिंग ऐप के जरिये ठगी करने वाले एक बड़े साइबर गिरोह का भंडाफोड़ किया है।
पुलिस 64 हजार रुपए की ठगी की शिकायत की जांच के लिए गई थी, लेकिन जांच में 50 करोड़ रुपए की ऑनलाइन ठगी का खुलासा हुआ। इस मामले में मुंबई से 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
आईजी अभिषेक शांडिल्य ने बताया कि यह गिरोह फर्जी ऑनलाइन शॉपिंग वेबसाइट और ‘100 बुक’ नाम की बेटिंग ऐप के जरिये देशभर में लोगों को निशाना बना रहा था। गिरोह ऑनलाइन पेमेंट करते ही खातों से रकम उड़ा देता था।
छात्रा से शुरू हुई जांच
खैरागढ़ संगीत विश्वविद्यालय की छात्रा वसुधा सिन्हा ने इंस्टाग्राम पर साड़ी खरीदने के दौरान 64 हजार रुपए की ठगी की शिकायत की थी।
साइबर सेल ने जांच की तो पता चला कि यह गिरोह मुंबई के डोम्बिवल्ली और कल्याण इलाके से ठगी का नेटवर्क चला रहा है।
7 दिन की रेकी के बाद कार्रवाई
पुलिस टीम ने मुंबई में 7 दिनों तक रेकी की और खुद को डिलीवरी बॉय बताकर जानकारी जुटाई। इसके बाद दो फ्लैटों में छापेमारी कर 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
मौके से 5 लैपटॉप, 14 मोबाइल, 51 पासबुक, 15 चेकबुक और 25 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी
-
गौतम परमानंद (23) - महाराष्ट्र
-
पवन सुरूसे (25) - महाराष्ट्र
-
विनायक मोरे (24) - महाराष्ट्र
-
अमित मोरे (25) - महाराष्ट्र
-
रामचन्द्र चौके (21) - महाराष्ट्र
-
अमोल दिवनाने (24) - महाराष्ट्र
-
अभिषेक डंबडे (24) - महाराष्ट्र
-
मनोज मुखिया (23) - बिहार
सभी आरोपियों पर संगठित अपराध और जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अन्य लिंक की जांच कर रही है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
