सूदखोरी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बलौदा बाजार में कर्ज वसूली के आरोपी दंपति हेमलाल और पिंकी सिन्हा गिरफ्तार

पीड़ित को दी थी धमकी, कोरे चेक और स्टाम्प जबरन लिए — कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के पोस्ट के बाद हरकत में आई पुलिस
बलौदा बाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले में बढ़ती सूदखोरी पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सिटी कोतवाली पुलिस ने सूदखोरी के आरोपी दंपति हेमलाल सिन्हा और उसकी पत्नी पिंकी सिन्हा को गिरफ्तार किया है। दोनों को न्यायालय में पेश किया गया है। देर शाम तक पुलिस इस मामले का आधिकारिक खुलासा कर सकती है।
यह वही मामला है, जिसमें पुरानी बस्ती निवासी हेमंत कुमार कन्नौजे ने शिकायत की थी कि उसने अपनी गाड़ी की किस्त चुकाने के लिए 50 हजार रुपए का कर्ज लिया था। शुरू में ब्याज दर महीने के हिसाब से 10 प्रतिशत तय हुई थी, लेकिन बाद में यह सप्ताहिक 10 प्रतिशत तक बढ़ गई। हेमंत ने ब्याज सहित पूरा मूलधन चुका दिया, फिर भी वसूली नहीं रुकी।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि, आरोपी दंपति ने कोरे चेक और स्टाम्प जबरन लिए, गाली-गलौच की, गाड़ी खींचने की धमकी दी और परिवार को गुंडों के जरिए डराया-धमकाया गया। इससे हेमंत का जीवन आर्थिक और मानसिक संकट में फंस गया।
मामले ने तब तूल पकड़ा जब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर सरकार और पुलिस पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि, “पत्रकारों और पीड़ित परिवार को धमकाया जा रहा है, लेकिन पुलिस मौन है।”
पोस्ट वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और शनिवार को हेमलाल सिन्हा व पिंकी सिन्हा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब इस सूदखोरी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जांच कर रही है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
