जशपुर में लकड़ी लाने की बात पर बवाल: चार लोगों ने की युवक की पिटाई, इलाज के दौरान मौत

जशपुर के जोराडोल गांव में जलाऊ लकड़ी लाने को लेकर हुआ विवाद मौत में बदल गया। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा।
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के पत्थलगांव थाना क्षेत्र में एक मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। ग्राम जोराडोल निवासी इंदबल मांझी जंगल से जलाऊ लकड़ी लेकर आया था, इसी बात को लेकर गांव के चार लोगों से उसका झगड़ा हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपियों ने मिलकर इंदबल की जमकर पिटाई कर दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिजन उसे इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पत्नी ने बताई पूरी वारदात
मृतक की पत्नी सुनोबाई मांझी ने पुलिस को बताया कि 18 अक्टूबर को गांव के ही हृदन उर्फ हिरदन साय, डोमन साय मांझी और अशोक मांझी ने लकड़ी काटने की बात पर उसके पति के साथ झगड़ा किया था। अगले दिन नईहर साय ने भी उसी बात को लेकर लाठी से हमला किया। इस हमले में इंदबल गंभीर रूप से घायल हुआ था।
पुलिस ने चारों को किया गिरफ्तार
पुलिस को 30 अक्टूबर को अस्पताल से मौत की सूचना मिली। मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिलने पर पत्थलगांव पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच में मामला हत्या का निकला। पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लकड़ी की लाठी जब्त कर ली और चारों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
