रायपुर में बेलगाम अपराध: चंगोराभाठा में मामूली विवाद पर युवक पर जानलेवा चाकूबाजी, 6 गिरफ्तार

राजधानी में त्योहारों के सीजन में भी अपराधियों का दुस्साहस चरम पर है। पुलिस की गश्त और 'चाक-चौबंद सुरक्षा' के तमाम दावों के बीच शहर में चाकूबाजी और हिंसक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं।
रायपुर (CGVARTA)। राजधानी में त्योहारों के सीजन में भी अपराधियों का दुस्साहस चरम पर है। पुलिस की गश्त और 'चाक-चौबंद सुरक्षा' के तमाम दावों के बीच शहर में चाकूबाजी और हिंसक घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला डी.डी. नगर थाना क्षेत्र के चंगोराभाठा का है, जहां दिवाली के माहौल के बीच मामूली बात को लेकर आधा दर्जन युवकों ने एक युवक पर जानलेवा चाकू से हमला कर दिया।
यह घटना राजधानी रायपुर में त्योहारों के दौरान लचर सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की ढिलाई को साफ उजागर करती है, जहां अपराधी सरेराह धारदार हथियार लेकर बेखौफ घूम रहे हैं।
क्या है पूरा मामला?
8 नवंबर की देर रात लगभग 11:50 बजे श्रीराम नगर, चंगोराभाठा निवासी सतीश यादव सड़क किनारे खड़ा था। तभी तेज और लापरवाही से आ रही एक इलेक्ट्रिक ऑटो ने उसे टक्कर मार दी। जब सतीश ने ऑटो चालक को देखकर गाड़ी चलाने की बात कही, तो ऑटो में सवार झंडा चौक निवासी मयंक ठाकुर और उसके साथी नीचे उतरे और अश्लील गाला-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
देखते ही देखते अपराधियों ने जान से मारने की नीयत से अपने पास रखे धारदार चाकू से सतीश पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
आदतन अपराधियों पर ढिलाई
मामले का मुख्य आरोपी मयंक ठाकुर पहले भी जेल जा चुका है। इसके बावजूद उस पर कोई कड़ा प्रतिबंधात्मक अंकुश क्यों नहीं लगाया गया?
कम उम्र में अपराध
घटना में शामिल 6 में से 4 आरोपी नाबालिग (विधि से संघर्षरत बालक) हैं, जो यह दर्शाता है कि रायपुर में पुलिस का खौफ खत्म हो चुका है और युवा तेजी से अपराध की दलदल में धंस रहे हैं।
पुलिस की कार्रवाई और जप्ती
घटना की शिकायत के बाद थाना डी.डी. नगर में अपराध क्रमांक 704/26 के तहत बी.एन.एस. की विभिन्न धाराओं (296, 109(1), 190, 191(2), 191(3)) और 25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल 1 नग चाकू और इलेक्ट्रिक ऑटो (वाहन क्रमांक CG 04 QK 7490) जप्त किया है।

CGVARTA
cgvarta.com (छत्तीसगढ़ वार्ता) छत्तीसगढ़ का एक अग्रणी हिंदी समाचार वेब पोर्टल है, जो प्रदेश और देश-दुनिया की ताज़ा, सटीक एवं निष्पक्ष ख़बरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा मुख्य उद्देश्य जनसामान्य की आवाज़ को प्रमुखता से उठाना तथा राजनीति, शासन-प्रशासन, अपराध, विकास, संस्कृति, खेल और जनहित से जुड़ी प्रत्येक महत्वपूर्ण जानकारी को निष्पक्षता के साथ प्रसारित करना है। प्रमुख विशेषताएँ - छत्तीसगढ़ की क्षेत्रीय एवं राज्य-स्तरीय ताज़ा ख़बरें निष्पक्ष और विश्वसनीय पत्रकारिता जन-सरोकार से जुड़े मुद्दे एवं विश्लेषणात्मक रिपोर्ट सत्य, निष्पक्षता और त्वरित समाचार के लिए जुड़े रहें cgvarta.com के साथ
