दिनदहाड़े पहाड़ी पर तेंदुआ दिखा, राहगीरों में मचा हड़कंप — आधे घंटे तक बैठा रहा दुर्गा मंदिर के पास

गरियाबंद। जिला मुख्यालय से महज चार किलोमीटर दूर ग्राम मालगांव की पहाड़ी पर सोमवार दोपहर एक तेंदुआ देखे जाने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, लगभग दोपहर 3:30 बजे मां दुर्गा मंदिर के समीप पहाड़ी पर तेंदुआ बैठा हुआ नजर आया।
राहगीरों की नजर जैसे ही उस पर पड़ी, आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचने लगे और देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई। भीड़ की हलचल के बावजूद तेंदुआ करीब आधे घंटे तक पहाड़ी की चोटी पर बैठा राहगीरों को देखता रहा। बाद में वह अचानक उठकर पास के जंगल के घने झुरमुट में समा गया।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि पहली बार दिन के उजाले में तेंदुआ इस तरह खुले में बैठा देखा गया है, जिससे लोग दहशत में हैं। वन विभाग को भी इसकी सूचना दी गई है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
