अंबिकापुर में कड़ाके की ठंड ने ली एक और जान, पुराने बस स्टैंड के पास खुले में सोए व्यक्ति की मौत

बिना गर्म कपड़ों के ठंड से ठिठुरते दिखा था मृतक; पुलिस ने की पहचान के प्रयास तेज, शहर में Cold Wave का अलर्ट।
अंबिकापुर। शहर में बढ़ती ठंड के बीच एक दर्दनाक घटना सामने आई है। पुराने बस स्टैंड क्षेत्र में खुले में सो रहे एक अज्ञात व्यक्ति की ठंड से मौत हो गई। बुधवार सुबह स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे उसकी लाश पड़ी देखी तो इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है, लेकिन आसपास के लोगों का कहना है कि वह पिछले कई दिनों से इसी इलाके में दिख रहा था और संभवतः भीख मांगकर जीवन यापन कर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मृतक के पास गर्म कपड़ों की कमी थी और मंगलवार शाम वह ठंड से कांपता हुआ नजर आया था।
रात में तापमान तेज़ी से गिरने के बाद स्थिति और खराब हो गई। प्राथमिक जांच में पुलिस को आशंका है कि कड़ाके की ठंड ही उसकी मौत का मुख्य कारण है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कारण की स्पष्ट पुष्टि होगी।
अंबिकापुर सहित कई जिलों में बढ़ा Cold Wave का असर
सरगुजा संभाग समेत प्रदेश के अन्य हिस्सों में ठंड तेजी से बढ़ रही है। अंबिकापुर का न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के लिए सरगुजा, रायपुर, दुर्ग और बिलासपुर संभाग के कई हिस्सों में कोल्ड वेव अलर्ट जारी किया है।
7 शहरों का तापमान 10 डिग्री से नीचे
प्रदेश के सात प्रमुख शहर मैनपाट, अंबिकापुर, पेंड्रा, जगदलपुर, बिलासपुर, दुर्ग और राजनांदगांव का तापमान 10 डिग्री से नीचे पहुंच चुका है। इनमें सबसे ठंडा रहा मैनपाट, जहां रात का तापमान 4 डिग्री से भी नीचे दर्ज किया गया। पहाड़ी इलाकों में ओस की बूंदें जमकर बर्फ में बदल गईं, जिससे सर्दी का प्रकोप और अधिक तेज महसूस किया जा रहा है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
