सूरजपुर में बेटे ने पिता की गमछे से गला घोंटकर हत्या, छत्तीसगढ़ में रिश्तों पर सवाल

पिता की शराबखोरी से परेशान बेटे ने उठाया खौफनाक कदम, पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां ग्राम पसला में एक बेटे ने अपने ही पिता की गमछे से गला घोंटकर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक की पहचान दसरू सिंह के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, दसरू सिंह शराब का आदी था और आए दिन नशे की हालत में घर में विवाद करता था। शनिवार देर रात भी उसने शराब पीकर हंगामा किया। इसी से परेशान होकर बेटे ने गुस्से में यह खौफनाक कदम उठा लिया। घटना की जानकारी मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मार्ग कायम कर जांच शुरू की।
रायपुर से पुरानी हत्या का खुलासा
इसी तरह राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में डेढ़ साल पुरानी महिला की हत्या का राज खुला है। पुलिस ने मृतका कांति साहू की हत्या के मामले में उसके पति डोमर साहू और पुत्र धरम राज साहू को गिरफ्तार किया है। डीएनए रिपोर्ट ने मामले का पर्दाफाश किया।
अवैध संबंध के शक में पुजारी की हत्या
वहीं, बिलासपुर के तखतपुर इलाके में 1 सितंबर को पाठ बाबा मंदिर के पुजारी जागेश्वर पाठक (30) की बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपी सुरेश धुरी को शक था कि पुजारी के उसकी पत्नी से अवैध संबंध हैं। उसने रिश्तेदारों संग मिलकर ईंट और पाइप से हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने महज 12 घंटे में मुख्य आरोपी समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
