कक्षा में बच्चों के सामने दो शिक्षकों की मारपीट, वीडियो वायरल, एक निलंबित, तीन को नोटिस

सारंगढ़। स्कूल वह स्थान माना जाता है जहाँ बच्चे अनुशासन, संस्कार और ज्ञान की शिक्षा पाते हैं, लेकिन सारंगढ़ जिले के धारासीव स्थित एक स्कूल में घटी घटना ने शिक्षा व्यवस्था की गरिमा को झकझोर कर रख दिया। कक्षा में पढ़ाई के दौरान दो शिक्षकों के बीच जमकर गाली-गलौज और मारपीट हो गई। यह घटना कक्षा में मौजूद नन्हें बच्चों के सामने घटी, जिससे वे भयभीत हो उठे।
जानकारी के मुताबिक, मामला 11 सितंबर को सामने आया जब कक्षा में पढ़ाने के तरीकों को लेकर शिक्षक मनोज कश्यप और विनीत दुबे के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो धीरे-धीरे हाथापाई में बदल गई। दोनों ने एक-दूसरे पर कक्षा में ही हमला कर दिया। यह पूरी घटना स्कूल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सामने आने के बाद अभिभावकों में आक्रोश फैल गया।
मामले की जानकारी मिलते ही जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने 13 सितंबर को कार्रवाई करते हुए शिक्षक विनीत दुबे को तत्काल निलंबित कर दिया। वहीं, मारपीट में शामिल मनोज कश्यप को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। इसके साथ ही, स्कूल समय का पालन नहीं करने पर शिक्षक मानेश पांडे और देवव्रत भीष्म को भी कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
घटना के बाद से स्कूल प्रबंधन और शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। इस पूरे प्रकरण ने विद्यालय में बच्चों की सुरक्षा और अनुशासन पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
