सक्ती उप जेल में हंगामा: जेलर ने पूर्व कैदी की की पिटाई, वीडियो वायरल होते ही हुआ निलंबन

सक्ती उप जेल के बाहर मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद जेलर सतीश चंद्र भार्गव पर गिरी गाज, डीजी जेल ने तत्काल प्रभाव से किया निलंबित।
सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में उप जेल के बाहर हुए विवाद ने हड़कंप मचा दिया है। दरअसल, उप जेल के जेलर और एक पूर्व कैदी के बीच मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद जेल एवं सुधारात्मक सेवाएं विभाग के महानिदेशक ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जेलर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पूर्व कैदी तीजराम चौहान, जो डकैती के मामले में जेल में सजा काट चुका था, नशे की हालत में उप जेल सक्ती पहुंचा था। वह अंदर बंद एक कैदी से मिलने की जिद करने लगा। जब जेलर सतीश चंद्र भार्गव ने मिलने की अनुमति नहीं दी, तो तीजराम ने उनके साथ बदसलूकी और झूमाझपटी शुरू कर दी, जिससे जेलर का चश्मा टूट गया और गले में खरोच आई।
गुस्से में आकर जेलर ने तीजराम को बाहर ले जाकर बेदम पिटाई कर दी। यह पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई और वीडियो तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में जेलर समेत तीन से चार लोग पूर्व कैदी की पिटाई करते दिखाई दे रहे हैं।
घटना के बाद जेलर ने सक्ति थाने में शिकायत दर्ज कराई और कहा कि पूर्व कैदी ने सरकारी कार्य में बाधा डालते हुए हमला किया। वहीं विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है और कहा है कि न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
