स्व. कुलदीप निगम स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट : एस जर्नोस इलेवन सेमीफाइनल में, डीबी डिजिटल को 8 विकेट से हराया

स्व. कुलदीप निगम स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट में एस जर्नोस इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए डीबी डिजिटल को 8 विकेट से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ एस जर्नोस इलेवन ने टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।
रायपुर (CGVARTA)। रायपुर प्रेस क्लब की खेल मड़ई के अंतर्गत आयोजित स्व. कुलदीप निगम स्मृति क्रिकेट टूर्नामेंट में रोमांचक मुकाबलों का सिलसिला जारी है। नेताजी सुभाष स्टेडियम में खेले गए तीसरे क्वार्टर फाइनल मैच में एस जर्नोस इलेवन ने डीबी डिजिटल को 8 विकेट से हराकर शानदार अंदाज में सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया। अब 16 फरवरी को सेमीफाइनल में उसका मुकाबला इलेक्ट्रॉनिक संयुक्त की टीम से होगा।
डीबी डिजिटल की पारी 94 रन पर सिमटी
पहले बल्लेबाजी करते हुए डीबी डिजिटल की टीम निर्धारित 10 ओवर में 7 विकेट खोकर 94 रन ही बना सकी। टीम की शुरुआत निराशाजनक रही। अंकुर शुक्ला बिना खाता खोले आउट हुए, जबकि मोहित 13 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
इसके बाद दानिस अनवर (18), दीपक (11), श्रीशंकर (5), राजेश (17), गनेश (5), तोपेस (14) और नीरज (3) ने छोटे-छोटे योगदान दिए। एस जर्नोस की ओर से सार्थक बेहरा और टिकेश्वर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 2-2 विकेट झटके। संदीप, अख्तर और लविंदर ने भी 1-1 विकेट हासिल किया।
6.3 ओवर में हासिल किया लक्ष्य
95 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए एस जर्नोस ने महज 6.3 ओवर में 2 विकेट खोकर मैच अपने नाम कर लिया। संदीप 5 रन बनाकर आउट हुए, जबकि अभिषेक ने 26 रन का योगदान दिया। इसके बाद लविंदर पाल सिंह ने लगातार दूसरे मैच में नाबाद अर्धशतकीय पारी खेलते हुए टीम को आसान जीत दिलाई। अख्तर 1 रन बनाकर नॉट आउट रहे। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए लविंदर पाल सिंह को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
अतिथियों ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह
मैच के मुख्य अतिथि धरसींवा के विधायक एवं छालीवुड सुपरस्टार अनुज शर्मा थे। विशेष अतिथि वरिष्ठ फोटो जर्नलिस्ट गोकुल सोनी और सराफा एसोसिएशन के अध्यक्ष धरमचंद भंसाली मौजूद रहे। अतिथियों ने प्रेस क्लब के खेल आयोजन की सराहना की।इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, महासचिव गौरव शर्मा, कोषाध्यक्ष दिनेश यदु, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू व भूपेश जांगड़े सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं खेलप्रेमी उपस्थित थे। अंपायर की भूमिका वैदुर्य निगम और अनुराग ने निभाई, जबकि स्कोरर पी. रामाराव नायडू और महेंद्र सिंह रहे।
अगला मुकाबला
रविवार 15 फरवरी को सुबह 7:30 बजे चौथा क्वार्टर फाइनल विस्तार न्यूज और पत्रिका के बीच खेला जाएगा। विजेता टीम 17 फरवरी को सेमीफाइनल में आईबीसी 24 से भिड़ेगी।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
