धान खरीदी शुरू होते ही बड़ी कार्रवाई: राजनांदगांव में 10,646 क्विंटल अवैध धान जब्त, कलेक्टर के सख्त निर्देश से कोचियों में हड़कंप

जिला प्रशासन ने अब तक 65 प्रकरण दर्ज किए, करोड़ों रुपए का धान और तीन वाहन जब्त। कोचिए किराए के घरों में धान छुपाने की कोशिश कर रहे थे।
by - Thaneshwar sahu
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी के सीजन की शुरुआत के साथ ही अवैध धान खपाने वाले कोचियों की गतिविधियाँ तेज हो गई हैं। लेकिन राजनांदगांव जिला प्रशासन इस बार पूरी तरह अलर्ट मोड में है। कलेक्टर जितेंद्र यादव के सख्त निर्देश पर प्रशासनिक टीम लगातार दबिश देकर कार्रवाई कर रही है।
अब तक 65 प्रकरणों में 10,646 क्विंटल अवैध धान जब्त किया गया है, जिसकी कीमत लगभग 3 करोड़ 30 लाख रुपए आंकी गई है। साथ ही तीन वाहनों को भी कब्जे में लिया गया है।
कई जगह छापेमारी, करोड़ों का धान बरामद
प्रशासन की टीमों ने विभिन्न विकासखंडों में मिलाकर 8,713 बोरों में रखा भारी मात्रा में अवैध धान जब्त किया है—
-
राजनांदगांव ब्लॉक: 4 प्रकरण
-
डोंगरगढ़: 3 प्रकरण
-
डोंगरगांव: 7 प्रकरण
इन मामलों में 3,485 क्विंटल अवैध धान बरामद हुआ, जिसकी कीमत 10 करोड़ 80 लाख रुपए से अधिक है।
कोचियों में हड़कंप—किराए के मकानों में धान छुपाने का प्रयास
प्रशासनिक कार्रवाई तेज होने के बाद कोचियों ने किराए के घरों और गोदामों में धान छुपाना शुरू कर दिया था।
मुख्य कार्रवाई
-
ग्राम करमरी में व्यापारी पीयूष जैन के घर से
→ 1,500 कट्टा में 600 क्विंटल अवैध धान बरामद -
उसी गांव में अरविंद जैन (शांति विजय ट्रेडर्स) की दुकान से
→ बिना लाइसेंस खरीदा गया 250 कट्टा धान जब्त
किसी भी दस्तावेज या अनुमति के अभाव में पूरी कार्रवाई मंडी अधिनियम के तहत की गई।
सड़क पर ले जाने वाले वाहन भी पकड़े गए
-
छुरिया क्षेत्र के हाटबंजारी से 80 कट्टा धान वाहन सहित जब्त
-
सिंघोला में फुटकर व्यापारी से 44 कट्टा
-
उसरीबोड़ में थोक व्यापारी से 800 कट्टा धान की बरामदगी
कलेक्टर के निर्देशानुसार जब्त धान और वाहन धान खरीदी समाप्ति के बाद ही छोड़े जाएंगे।
प्रशासन की सख्ती से कोचियों की साँसें अटकी
लगातार कार्रवाई से कोचियों में डर का माहौल है।
जिला प्रशासन की टीमें गांव-गांव दबिश देकर अवैध धान पर नकेल कस रही हैं।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
