राजनांदगांव में सीएम साय ने मनाया डॉ. रमन सिंह का जन्मदिन, कहा – जन-जन के नेता जिन्होंने छत्तीसगढ़ को नई दिशा दी

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा — डॉ. रमन सिंह की नीतियों ने राज्य को विकास की नई ऊँचाइयों पर पहुँचाया, गरीबों और किसानों के लिए किया ऐतिहासिक काम।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को राजनांदगांव में आयोजित युवा वेलफेयर फाउंडेशन के समारोह में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह को जन्मदिन की शुभकामनाएँ देते हुए कहा — “डॉ. रमन सिंह जन-जन के नेता हैं, जिन्होंने छत्तीसगढ़ को नई दिशा दी। प्रभु से मेरी प्रार्थना है कि वे दीर्घायु रहें और अपने अनुभव से हम सबका मार्गदर्शन करते रहें।”
सीएम साय ने कहा कि आज हम उस व्यक्तित्व का जन्मदिन मना रहे हैं, जिन्होंने पंद्रह वर्षों तक मुख्यमंत्री रहते हुए छत्तीसगढ़ के विकास की नई गाथा लिखी। उन्होंने गरीबों के हित में पीडीएस (सार्वजनिक वितरण प्रणाली) का ऐसा प्रभावी मॉडल बनाया जिसे पूरे देश ने अपनाया।
हरिभूमि आईएनएच मीडिया समूह के प्रधान संपादक डॉ. हिमांशु द्विवेदी ने भी मौके पर पहुँचकर डॉ. रमन सिंह को जन्मदिन की शुभकामनाएँ दीं।
मुख्यमंत्री साय ने आगे कहा कि डॉ. रमन सिंह ने किसानों को सशक्त बनाने के लिए धान खरीदी प्रणाली को पारदर्शी बनाया। आज छत्तीसगढ़ में किसानों को ₹3100 प्रति क्विंटल की दर से धान का भुगतान और 21 क्विंटल प्रति एकड़ की खरीदी की व्यवस्था उसी मॉडल की निरंतरता है जो उनके कार्यकाल में स्थापित हुआ था।
उन्होंने कहा कि डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे में क्रांतिकारी परिवर्तन हुए। विशेषकर जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी दंतेवाड़ा में एजुकेशन सिटी का दौरा कर इन प्रयासों की सराहना की थी।
सीएम साय ने कहा — “सादगी और मितभाषिता डॉ. रमन सिंह के व्यक्तित्व की पहचान है। अपनी विशाल उपलब्धियों के बावजूद वे सदैव विनम्र रहे हैं और हर व्यक्ति के प्रति सहज व्यवहार रखते हैं।”
उन्होंने कहा कि विधानसभा की रजत जयंती वर्ष में डॉ. रमन सिंह के नेतृत्व में कई नवाचार हुए हैं, जैसे ‘प्रबोधन कार्यक्रम’, जिसके माध्यम से विधायकों को संसदीय परंपराओं और लोकतांत्रिक मूल्यों की गहन समझ दी जा रही है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
