राजिम में दो प्रमुख मार्गों पर उच्चस्तरीय पुल निर्माण की मिली मंजूरी, विधायक रोहित साहू ने जताई खुशी

राजिम। छत्तीसगढ़ के राजिम विधानसभा क्षेत्र के दो प्रमुख मार्गों में उच्चस्तरीय पुल निर्माण की वर्षों पुरानी मांग को विधानसभा प्रतिनिधि रोहित साहू की सक्रियता के बाद सरकार ने पूरा कर दिया है।
छत्तीसगढ़ शासन ने महासमुंद-राजिम मार्ग पर फिंगेश्वर के निकट सरगी नाला में पुल निर्माण के लिए 8 करोड़ 21 लाख 16 हजार रुपये और छुरा-कोमाखान मार्ग (कोसमबुड़ा) पर उच्चस्तरीय पुल निर्माण के लिए 10 करोड़ 63 लाख 75 हजार रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की है। वित्त विभाग की सहमति के बाद लोक निर्माण विभाग मंत्रालय, नवा रायपुर से आदेश जारी कर दिया गया है।
इन पुलों के बनने के बाद स्थानीय लोगों को बरसात के दिनों में आवागमन की समस्या से राहत मिलेगी। महासमुंद-राजिम मार्ग पर बरसात के समय नाला उफान पर आ जाता था, जिससे आवागमन बाधित होता था। इसी तरह, छुरा-कोमाखान मार्ग में कोसमबुड़ा के निकट संकीर्ण पुल के कारण भी आवागमन प्रभावित होता था।
विधायक रोहित साहू ने इस स्वीकृति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे राजिम विधानसभा क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर बताया। उन्होंने कहा कि जो काम वर्षों से अधूरे पड़े थे, उन्हें पूरा करना हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और वित्त मंत्री ओपी चौधरी का आभार व्यक्त किया।
रोहित साहू ने कहा कि यह पुल आने वाली पीढ़ियों को विकास की नई राह दिखाएगा और राजिम विधानसभा के तीव्र विकास का प्रतीक बनेगा।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
