व्यापम ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक परीक्षा 9 नवंबर को: ड्रेस कोड और सख्त नियम जारी, जानिए क्या करें और क्या नहीं

जिले में 9 परीक्षा केंद्रों पर 2488 अभ्यर्थी होंगे शामिल, परीक्षा के दिन गाढ़े रंग के कपड़े और जूते पहनने पर प्रतिबंध।
By - Thaneshwar Sahu
रायपुर। छत्तीसगढ़ व्यवसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा आयोजित ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक (पुरुष एवं महिला) भर्ती परीक्षा 2025 (HGMF25) के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा के सुचारू संचालन को लेकर हुई बैठक में प्रशासन ने कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
9 नवंबर को होगी परीक्षा
यह परीक्षा रविवार, 9 नवंबर 2025 को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। जिले में कुल 9 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां लगभग 2488 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
परीक्षा केंद्र का मुख्य द्वार सुबह 10:30 बजे बंद कर दिया जाएगा। इसलिए उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे परीक्षा प्रारंभ से कम से कम दो घंटे पहले केंद्र पर पहुंचें, ताकि फ्रिस्किंग और पहचान सत्यापन प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।
ड्रेस कोड को लेकर सख्त निर्देश
परीक्षा के दौरान उम्मीदवारों को हल्के रंग के, आधी बांह वाले कपड़े पहनने होंगे।
काले, गहरे नीले, हरे, महरून, जामुनी, बैंगनी और गहरे चॉकलेटी रंग के कपड़े पहनना सख्त मना है।
साथ ही, कान में आभूषण, घड़ी, बेल्ट, स्कार्फ, या टोपी पहनने की अनुमति नहीं है।
अभ्यर्थी जूते नहीं, केवल चप्पल पहन सकेंगे।
धार्मिक या सांस्कृतिक पोशाक पहनने वाले उम्मीदवारों को सुरक्षा जांच के लिए पहले से परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा।
क्या नहीं ले जाना है परीक्षा में
परीक्षा कक्ष में निम्न वस्तुएं ले जाना सख्त मना है:
-
मोबाइल फोन
-
इयरफोन / स्मार्टवॉच
-
पर्स या बैग
-
किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण
-
नोट्स, पेन ड्राइव या संचार साधन
किसी भी प्रकार की नकल या अनुचित साधन का प्रयोग करने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और अभ्यर्थी की परीक्षा तुरंत रद्द कर दी जाएगी।
परीक्षा केंद्रों पर दीवार घड़ी और निगरानी व्यवस्था
प्रशासन ने सभी परीक्षा केंद्रों पर दीवार घड़ी लगाने के निर्देश दिए हैं ताकि अभ्यर्थियों को समय की जानकारी रहे।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सभी केंद्रों पर CCTV कैमरे और फ्रिस्किंग टीमें तैनात रहेंगी।
बैठक में सहायक नोडल अधिकारी केदार पटेल, जिला रोजगार अधिकारी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
