नए साल की शुरुआत में यात्रियों की बढ़ी परेशानी: ट्रेनें रद्द, फ्लाइट संकट से सफर हुआ मुश्किल

जनवरी–फरवरी 2026 में रेलवे प्रोजेक्ट के चलते कई ट्रेनें रद्द, रायपुर एयरपोर्ट पर इंडिगो की उड़ानें भी प्रभावित
रायपुर। नए साल की शुरुआत यात्रियों के लिए राहत के बजाय परेशानी लेकर आ रही है। जनवरी–फरवरी 2026 में रेलवे की एक बड़ी तकनीकी परियोजना के चलते कई अहम ट्रेनों को रद्द किया जा रहा है, जिससे लंबी दूरी की यात्रा करने वालों को वैकल्पिक इंतजाम करने पड़ेंगे।
रेलवे के अनुसार, काजीपेट–बल्लारशाह रेल खंड में तीसरी लाइन बिछाने के लिए प्री नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य किया जाएगा। इस तकनीकी कार्य के कारण साल के शुरुआती दो महीनों में कुल 17 दिनों तक कई ट्रेनें रद्द रहेंगी।
ये ट्रेनें रहेंगी रद्द
मिली जानकारी के मुताबिक 26 जनवरी 2026 से 13 फरवरी 2026 के बीच आधा दर्जन से अधिक प्रमुख ट्रेनें रद्द की जाएंगी। इनमें सिकंदराबाद एक्सप्रेस, पटना–चलरपल्ली एक्सप्रेस, यशवंतपुर–कोरबा एक्सप्रेस सहित अन्य महत्वपूर्ण ट्रेनें शामिल हैं।
रायपुर एयरपोर्ट पर इंडिगो संकट जारी
इधर, स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर फ्लाइट संचालन का संकट शुक्रवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। DGCA के नए नियमों के बाद उड़ानों के शेड्यूल पर असर पड़ा है। स्थिति यह रही कि इंडिगो की करीब 6 उड़ानें रद्द कर दी गईं, जिससे यात्रियों को घंटों इंतज़ार करना पड़ा।
दिल्ली–मुंबई रूट सबसे ज्यादा प्रभावित
दिल्ली–रायपुर–दिल्ली रूट पर इंडिगो की पांच उड़ानें रद्द रहीं, जबकि मुंबई–रायपुर–मुंबई के बीच शुक्रवार को कोई भी नियमित उड़ान नहीं चली। अहमदाबाद, लखनऊ, कोलकाता और बेंगलुरु रूट पर उड़ानें कई घंटों की देरी से संचालित हुईं।
टिकट महंगे, ट्रेन की ओर भागे यात्री
फ्लाइट रद्द होते ही दूसरी एयरलाइंस के टिकटों के दाम 100% तक बढ़ गए। 5–6 हजार के टिकट 12–15 हजार तक पहुंच गए। मजबूरी में बड़ी संख्या में यात्री रेलवे स्टेशन पहुंचे, जिसके बाद रेलवे ने स्पेशल ट्रेनें चलाईं, हालांकि वेटिंग लिस्ट तेजी से बढ़ी।
शादी-ब्याह के सीजन में बढ़ी मुश्किल
शादी-ब्याह के पीक सीजन के चलते कई परिवारों की योजनाएं प्रभावित हुईं। बारात और आयोजनों का समय बिगड़ने से यात्रियों में नाराजगी देखने को मिली।
आज से मिल सकती है राहत
विमानन संकट के तीसरे दिन DGCA ने नियमों में ढील दी है। इससे शनिवार से उड़ानों के संचालन में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है। इंडिगो की देशभर में रोज रद्द हो रही उड़ानों का असर रायपुर सहित कई एयरपोर्ट पर साफ दिखा।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
