राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस: सरगुजा में होगा भव्य आयोजन, राष्ट्रपति मुर्मु को भेजा जाएगा न्योता

अंबिकापुर में 14 से 16 नवंबर तक जनजातीय गौरव दिवस समारोह, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को भेजा जाएगा निमंत्रण
रायपुर। छत्तीसगढ़ में इस बार राष्ट्रीय जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन सरगुजा जिले के अंबिकापुर में किया जाएगा। यह कार्यक्रम 15 नवंबर को होगा, लेकिन समारोह का स्वरूप तीन दिवसीय रहेगा। खास बात यह है कि इस भव्य आयोजन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को आमंत्रित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इस संबंध में 5 अक्टूबर को दिल्ली जाएंगे और 6 तारीख को राष्ट्रपति से मुलाकात कर औपचारिक निमंत्रण देंगे। इसी दौरे में मुख्यमंत्री उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से भी मिलेंगे और उन्हें राज्योत्सव (1 से 7 नवंबर) के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने के लिए आमंत्रित करेंगे।
तीन दिन का कार्यक्रम
आयोजन 14 से 16 नवंबर तक चलेगा। इस दौरान कई कार्यक्रम होंगे जिनमें –
-
बैगा-गुनिया हथजोड़ सम्मान निधि की शुरुआत
-
शहीद वीर नारायण सिंह की स्मृति लोककला महोत्सव (डांस फेस्टिवल)
-
कर्मा महोत्सव का समापन
-
जनजातीय विकास प्रदर्शनी और क्राफ्ट मेला
विभाग ने शुरू की तैयारियां
आदिम जाति विकास विभाग ने अंबिकापुर में होने वाले आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी हैं। विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि वोरा ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
