राज्योत्सव में रमन सिंह बोले – पद नहीं, जवाबदारी बड़ी होती है; प्रधानमंत्री ने बताया राजनीति का ऑलराउंडर

राजनांदगांव पहुंचे विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, आमजनों से की मुलाकात — राज्योत्सव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति को बताया ऐतिहासिक पल।
राजनांदगांव। छत्तीसगढ़ विधानसभा के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह रविवार को जिला स्तर पर आयोजित राज्योत्सव कार्यक्रम में शामिल होने अपने विधानसभा क्षेत्र राजनांदगांव पहुंचे।
इस दौरान उन्होंने स्थानीय विधानसभा निवास कार्यालय में आमजनों से मुलाकात की और उनकी समस्याओं को सुना। उन्होंने अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
राज्योत्सव को बताया अब तक का सबसे बड़ा आयोजन
डॉ. रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण की रजत जयंती वर्ष पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष का राज्योत्सव विशेष और ऐतिहासिक रहा, क्योंकि इस आयोजन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं शामिल हुए और उनका मार्गदर्शन प्राप्त हुआ।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री लगभग 8 घंटे रायपुर में रहे, इस दौरान उन्होंने नए विधानसभा भवन का लोकार्पण लोकसभा अध्यक्ष की उपस्थिति में किया।
डॉ. सिंह ने कहा कि यह राज्योत्सव अब तक का सबसे विशाल आयोजन रहा, जिसमें ढाई लाख से अधिक लोग शामिल हुए।
“पद बड़ी चीज नहीं, जवाबदारी बड़ी होती है”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्योत्सव के दौरान
डॉ. रमन सिंह को राजनीति का ऑलराउंडर कहा था।
उन्होंने कहा था कि “एक कार्यकर्ता अपने दम पर कहां तक पहुंच सकता है, यह डॉ. रमन सिंह को देखकर समझा जा सकता है।”
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए डॉ. सिंह ने कहा —
“मैं 15 साल तक टीम का कैप्टन रहा, अब टीम का हिस्सा हूं और स्पीकर के रूप में नई जिम्मेदारी निभा रहा हूं।
कार्यकर्ता को जो भी दायित्व मिले, उसे पूरी निष्ठा और कर्तव्यभाव से निभाना चाहिए।”
उपराष्ट्रपति करेंगे ‘लखपति बहनों’ का सम्मान
डॉ. रमन सिंह ने बताया कि 5 नवंबर को उपराष्ट्रपति राजनांदगांव दौरे पर रहेंगे।
वे उदयाचल अस्पताल का उद्घाटन करेंगे और
‘लखपति बहनों’ को सम्मानित भी करेंगे।
उन्होंने कहा कि उपराष्ट्रपति लगभग ढाई घंटे शहर में रहेंगे,
जिसको लेकर तैयारियां जोरों पर हैं।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
