राजधानी रायपुर में राज्य स्तरीय युवा कवि सम्मेलन: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बोले, “छत्तीसगढ़ सदा से साहित्य और संस्कृति की धरती रही है"

CM विष्णुदेव साय ने युवा कवियों को किया सम्मानित, कहा – यह मंच नई रचनात्मक दिशा देने वाला ऐतिहासिक अवसर है
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में राज्य स्तरीय युवा कवि सम्मेलन का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश की साहित्यिक, सांस्कृतिक और कलात्मक परंपराओं को नई ऊर्जा प्रदान करना था।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस अवसर पर प्रभु श्रीराम के ननिहाल और माता शबरी की पावन भूमि को नमन करते हुए कहा कि, “छत्तीसगढ़ सदा से साहित्य और संस्कृति की धरा रही है।” उन्होंने कहा कि, महाकवि कालिदास ने इसी धरती पर मेघदूत जैसे अमर काव्य की रचना की थी, वहीं गजानन माधव मुक्तिबोध और पदुमलाल पुन्नालाल बख्शी जैसे यशस्वी साहित्यकारों ने इसी मिट्टी से अपनी पहचान बनाई।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि, राज्य युवा आयोग और खेल एवं युवा कल्याण विभाग का यह अभिनव प्रयास प्रदेश की कला, साहित्य और रचनात्मक प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर उन्हें प्रोत्साहन देने का उत्कृष्ट माध्यम है।
उन्होंने तीनों विजेताओं — निधि तिवारी (प्रथम), मीरा मृदु (द्वितीय) और अलीशा शेख (तृतीय) को बधाई दी और कहा कि यह मंच युवा कवियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का माध्यम बनेगा।
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अरुण साव ने कहा कि यह सम्मेलन केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि सीखने और सृजन की प्रेरणा का अवसर है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति गीत, नृत्य और लोककला का जीवंत संगम है।
सम्मेलन में देश के प्रख्यात कवि शशिकांत यादव, नीलोत्पल मृणाल, कविता तिवारी, दिनेश बावरा और मनु वैशाली ने अपनी ओजपूर्ण कविताओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर सहित कई जनप्रतिनिधि और साहित्यकार मौजूद रहे।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
