रायपुर के टेकारी में दर्दनाक सड़क हादसा: कार की ठोकर से युवक की मौत, ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

28 वर्षीय कुश साहू की मौके पर मौत, आक्रोशित ग्रामीणों ने शव रखकर किया प्रदर्शन — 4 घंटे तक जाम, सिग्नल और स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग।
By - Thaneshwar Sahu
मांढर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से लगे ग्राम टेकारी में शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसे में युवक की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, इलेक्ट्रिक कार (CG 04 PR 3203) ने बाइक सवार को इतनी तेज़ टक्कर मारी कि वह मौके पर ही दम तोड़ बैठा।
मृतक की पहचान कुश साहू (उम्र 28 वर्ष, निवासी टेकारी) के रूप में हुई है।
वह रोजाना की तरह गाय का दूध निकालकर घर लौट रहा था, तभी धलेनी से मंदिरहसौद की ओर जा रही कार ने उसे जोरदार ठोकर मार दी।
हादसे के बाद बवाल: शव रखकर प्रदर्शन
दुर्घटना के बाद ग्रामीणों ने सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया।
लोगों ने आवागमन पूरी तरह रोक दिया और नारेबाजी करते हुए मुआवजे और सुरक्षा उपायों की मांग की।
विधानसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक को हिरासत में ले लिया।
इधर, प्रदर्शनकारी ग्रामीणों ने कहा कि टेकारी बाईपास पर लगातार हादसे हो रहे हैं,
इसलिए यहां ट्रैफिक सिग्नल और स्पीड ब्रेकर लगाना जरूरी है।
चार घंटे से जाम, लोग धूप में बेहाल
आक्रोशित लोगों के धरने की वजह से रिंग रोड-3 पर धलेनी-मंदिरहसौद मार्ग पूरी तरह जाम हो गया।
करीब 10 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोग तेज धूप में फंसे रहे।
ग्रामीणों का कहना है कि, “पहले टेकारी फोर लेन पर ब्रेकर बना हुआ था, लेकिन एक सप्ताह पहले PWD विभाग ने उसे हटा दिया।”
इसी वजह से वाहनों की रफ्तार बढ़ गई है और लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं।
पुलिस और प्रशासन ने संभाली स्थिति
घटना की जानकारी मिलते ही एडिशनल एसपी और थाना प्रभारी की टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने ग्रामीणों को समझाइश दी और जाम हटाने की कोशिश की।
फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि
अगर जल्द सिग्नल और स्पीड ब्रेकर नहीं लगाए गए, तो वे फिर से आंदोलन करेंगे।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
