रायपुर में दो गुटों के बीच भिड़ंत: शादी से लौटते वक्त लाठी-डंडों से हुआ बवाल, तीन घायल

मौदहापारा इलाके में पुरानी रंजिश के चलते मचा हंगामा, बेसबॉल बैट और लाठियों से हुआ हमला, दोनों पक्ष पहुंचे थाने।
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में रविवार रात दो गुटों के बीच जमकर बवाल मच गया। मामूली कहासुनी के बाद मामला इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष एक-दूसरे पर लाठी-डंडों, बेसबॉल बैट और घूंसों से टूट पड़े। इस झगड़े में एक पक्ष के तीन लोग घायल हुए हैं, जबकि दोनों ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, पूरा मामला मौदहापारा थाना क्षेत्र के कल्लू गैरेज के पास का है। बताया जा रहा है कि दोनों गुट एक शादी समारोह से लौट रहे थे, तभी उनकी आमने-सामने मुलाकात हो गई। पुरानी दुश्मनी के चलते पहले तो कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला हिंसक झगड़े में बदल गया।
हमले में यासीन उर्फ शेरू, मोहसीन और वसीम खान घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, दूसरे पक्ष में तैफुद्दीन, कलीम, फहीम और आदिल शामिल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले गई। मौदहापारा थाना प्रभारी ने बताया कि झगड़ा पुरानी रंजिश का नतीजा है। दोनों गुटों से मारपीट में इस्तेमाल किए गए डंडे और बैट जब्त कर लिए गए हैं। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के जरिए पूरी घटना की जांच कर रही है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
