रायपुर में साइंस कॉलेज चौपाटी पर निगम की बुलडोजर कार्रवाई: व्यापारी रातभर धरने पर, कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी

सुबह 5 बजे से पहले चौपाटी खाली करने का आदेश, व्यापारियों ने रातभर किया विरोध। जेसीबी पहुंचते ही कांग्रेस नेता सड़क पर लेटकर रोके—हालात बिगड़े तो कई कार्यकर्ता हिरासत में।
by - Thaneshwar sahu
रायपुर। राजधानी रायपुर में शुक्रवार तड़के साइंस कॉलेज चौपाटी को हटाने के लिए नगर निगम की कार्रवाई ने शहर का माहौल तनावपूर्ण कर दिया। निगम ने सुबह 5 बजे से पहले ही चौपाटी खाली करने का निर्देश जारी किया था, जिसके विरोध में व्यापारी पूरी रात धरने में बैठे रहे।
कांग्रेस नेता भी मौके पर, सुबह होते ही बुलडोजर कार्रवाई शुरू
व्यापारियों के समर्थन में पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, कांग्रेस नेता सुबोध हरितवाल और निगम नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी भी पूरी रात मौके पर मौजूद थे।
सुबह निगम की टीम जेसीबी, भारी पुलिस बल और अधिकारियों के साथ साइंस कॉलेज ग्राउंड पहुंची।
जैसे ही बुलडोजर कार्रवाई शुरू हुई, कांग्रेस नेताओं और उनके समर्थकों ने जेसीबी के सामने लेटकर विरोध करना शुरू कर दिया। मौके पर तीखी नोकझोंक, धक्का-मुक्की और उग्र माहौल देखने को मिला।
हिरासत में लिए गए कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, आकाश तिवारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर रायपुर सेंट्रल जेल (अस्थायी) भेज दिया।
उधर, भारी विरोध के बावजूद निगम की बुलडोजर कार्रवाई जारी है और चौपाटी के कई हिस्से हटाए जा चुके हैं।
व्यापारियों की रोजी-रोटी बचाने की अपील
कांग्रेस नेताओं ने निगम अधिकारियों से हाथ जोड़कर कहा कि
“व्यापारियों की रोजी-रोटी न छीनी जाए।”
लेकिन निगम प्रशासन ने इसे शासकीय कार्य में बाधा बताते हुए कार्रवाई जारी रखने का निर्णय लिया।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
