रायपुर की 86 किलो चांदी लूट का सच आया सामने, सराफा कारोबारी ने खुद रची थी पूरी कहानी

क्रिकेट सट्टे में हारे पैसे से बचने के लिए कारोबारी ने खुद रची लूट की साजिश — पुलिस ने किया बड़ा खुलासा
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में दीपावली से पहले हुई 86 किलो चांदी लूट के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है।
जिस लूट की कहानी ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी थी, वह दरअसल सराफा कारोबारी की खुद की बनाई साजिश निकली।
पुलिस जांच में पता चला है कि सराफा कारोबारी राहुल गोयल ने ही अपने ऊपर लूट की झूठी कहानी रची थी।
रिपोर्ट के मुताबिक, राहुल गोयल ने क्रिकेट सट्टा में भारी रकम गंवा दी थी, और उधार के पैसे लौटाने से बचने के लिए उसने यह पूरा नाटक रचा।
पुलिस ने जब उससे सख्ती से पूछताछ की तो उसने खुद 86 किलो चांदी की लूट का नाटक रचने की बात कबूल कर ली।
फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ की जा रही है।
यह पूरा मामला सदर बाजार स्थित राजधानी पैलेस परिसर का है, जो सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में आता है।
शनिवार की सुबह राहुल गोयल ने दावा किया था कि दो नकाबपोश बदमाश गन लेकर उसके फ्लैट में घुसे, उसे बेहोश किया और 1.5 करोड़ रुपये की चांदी लूटकर फरार हो गए।
बदमाशों के भागने की घटना CCTV में नहीं दिखी क्योंकि DVR भी गायब था।
अब पुलिस ने खुलासा किया है कि यह DVR भी खुद कारोबारी ने हटाया था ताकि साजिश सफल लगे।
मामले में और भी लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
