दिल्ली के शख्स ने रायपुर में की 35 लाख की ठगी: चेयरमैन बनाने का लालच देकर फंसाया जाल, फर्जी लेटर और आईडी से बनाया भरोसा

खुद को MSMEPCI का चेयरमैन बताकर दो युवकों से 35 लाख रुपए ठगे, फर्जी ज्वॉइनिंग लेटर और आईडी कार्ड देकर किया विश्वास हासिल — पुलिस अब दिल्ली रवाना।
By - Thaneshwar Sahu
रायपुर। राजधानी में एक बड़ा ठगी का मामला सामने आया है। दिल्ली के एक व्यक्ति ने खुद को MSMEPCI (Micro Small Medium Enterprises Promotion Council of India) का चेयरमैन बताकर रायपुर के दो युवकों से करीब 35 लाख रुपए ठग लिए। आरोपी ने उन्हें चेयरमैन और वाइस चेयरमैन पद देने का लालच दिया और बदले में मोटी रकम वसूल की।
मामला अभनपुर थाना क्षेत्र का है। पीड़ितों की पहचान अनिल कुमार श्रीवास और रोशन श्रीवास के रूप में हुई है। आरोप है कि आरोपी विजय कुमार चौरसिया ने पहले दोनों को सरकारी वेतन और बंगले का लालच दिया, फिर फर्जी ज्वॉइनिंग लेटर और आईडी कार्ड थमा दिए।
कैसे हुई थी ठगी की शुरुआत?
पीड़ित अनिल कुमार के मुताबिक, 5 अप्रैल 2023 को उसकी मुलाकात विजय चौरसिया से जोरा स्थित एक होटल में हुई थी। उसने खुद को MSMEPCI का चेयरमैन बताया और कहा कि यह संस्था केंद्र सरकार से मान्यता प्राप्त है तथा विभिन्न राज्यों में पद भर रही है।
विजय ने अनिल को वाइस चेयरमैन और रोशन को चेयरमैन बनाने का प्रस्ताव दिया। इसके बदले में उसने 15 लाख और 20 लाख रुपए की मांग की। उसने दोनों को हर महीने 1 लाख रुपए वेतन और सरकारी आवास देने का झांसा भी दिया।
फर्जी लेटर और आईडी से बनाया भरोसा
6 अप्रैल 2023 को अभनपुर के लखन हिंदू होटल के बाहर आरोपी ने दोनों से 2-2 लाख रुपए कैश लिए, इसके बाद अप्रैल से दिसंबर तक ऑनलाइन और कैश मिलाकर कुल 35 लाख रुपए वसूले।
विजय चौरसिया ने ज्वॉइनिंग लेटर जारी किया लेकिन कोई वेतन या नियुक्ति नहीं मिली। उल्टा, उसने कई कार्यक्रमों का खर्च भी पीड़ित से उठवाया। जब अनिल ने पैसे लौटाने की बात कही तो आरोपी ने धमकी देते हुए कहा – “जो करना है कर लो, मेरा कुछ नहीं बिगाड़ पाओगे।”
FIR दर्ज, आरोपी की तलाश में पुलिस
पीड़ितों की शिकायत पर अभनपुर पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी एस.एस. सिंह ने बताया कि आरोपी द्वारा जारी लेटर दिल्ली से तैयार किए गए थे।
टीआई एस.एस. सिंह ने बताया:
“पीड़ित राज्य अक्षय ऊर्जा विकास अभिकरण (क्रेडा) से जुड़े हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम दिल्ली रवाना की जाएगी।”

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
