रायपुर: पैचअप के बहाने बुलाया, कोल्डड्रिंक में नशा मिलाकर किया गैंगरेप, महिला ने हफ्ते बाद खोली पोल

धरसींवा के कुंरा स्थित फार्महाउस में हुआ कांड, एक आरोपी गिरफ्तार — दूसरा अब भी फरार।
By - Thaneshwar Sahu
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक शर्मनाक वारदात सामने आई है। यहां एक शादीशुदा महिला के साथ उसके बॉयफ्रेंड और उसके दोस्तों ने मिलकर गैंगरेप की घटना को अंजाम दिया। मामला धरसींवा थाना क्षेत्र के कुंरा गांव स्थित एक निजी फार्महाउस का है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने महिला को उसके बॉयफ्रेंड के साथ पैचअप करवाने के बहाने फार्महाउस बुलाया था। वहां उसे कोल्डड्रिंक में शराब मिलाकर पिलाई गई, जिससे वह बेसुध हो गई। इसी हालत में दोनों आरोपियों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
पीड़िता ने बताया कि आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी और घर छोड़कर भाग गए। दो बच्चों की मां यह महिला कुछ दिनों तक डर के कारण चुप रही, लेकिन हिम्मत जुटाकर उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने जांच में पाया कि मुख्य आरोपी आशीष जोशी, श्याम नगर (तेलीबांधा) का रहने वाला है और मेडिकल स्टोर में काम करता है। वहीं दूसरा आरोपी रूपेंद्र साहू, कपसदा गांव (धरसींवा) का निवासी है और किराना दुकान चलाता है।
धरसींवा थाना प्रभारी राजेंद्र दीवान ने बताया कि एक आरोपी आशीष जोशी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि रूपेंद्र साहू अब भी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
महिला मूल रूप से महासमुंद की रहने वाली है और फिलहाल रायपुर में अपने परिवार के साथ रह रही है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
