रायपुर में कांस्टेबल का फांसी से मौत : सुसाइड नोट मिला, 17 महीने से था गायब

अमलीडीह में फंदे से लटका मिला शव; दूसरी ओर बिलासपुर में वकील ने प्रेमिका की सगाई से दुखी होकर अरपा में कूदकर जान दी
by - Thaneshwar sahu
रायपुर। राजधानी रायपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पुलिस विभाग में तैनात एक कांस्टेबल ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान लक्ष्मी प्रसाद के रूप में हुई है। उसका शव अमलीडीह पुलिस कॉलोनी के सामने स्थित एक खाली मैदान में फंदे से लटका मिला।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम को मृतक के पास से सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने अपनी मौत के लिए खुद को जिम्मेदार ठहराया है। यह भी सामने आया है कि कांस्टेबल पिछले 17 महीनों से ड्यूटी से गैरहाजिर चल रहा था और शराब की लत से परेशान था।
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। आत्महत्या के कारणों की जांच जारी है।
बिलासपुर में प्रेमिका की सगाई से दुखी वकील ने दी जान
कुछ दिन पहले बिलासपुर में एक और दर्दनाक घटना घटी। अरपा नदी में हाईकोर्ट के अधिवक्ता राहुल अग्रवाल का शव संदिग्ध हालत में मिला। शुरुआती जांच में पता चला है कि राहुल अपनी प्रेमिका की सगाई होने के बाद तनाव में था।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात राहुल अपने दोस्त की शादी में शामिल होकर लौट रहे थे। देर रात उनकी कार अरपा पुल पर लावारिस हालत में खड़ी मिली। रात करीब उसी समय कुछ युवकों ने नदी में एक हाथ तैरता देखा और पुलिस को सूचना दी। SDRF की मदद से शव बाहर निकाला गया।
परिजनों और दोस्तों ने बताया कि राहुल शादी करना चाहता था, लेकिन लड़की की सगाई कहीं और तय हो गई। पुलिस प्रारंभिक जांच में इसे आत्महत्या मान रही है। PM रिपोर्ट के बाद ही मौत की सही वजह साफ होगी।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
