रायपुर में चाकू से हत्या: छोटे भाई की जान ली, बड़े को भी घायल किया, जानें क्यों भड़का आरोपी

कचना हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में मामूली विवाद के बाद युवक ने दोस्त पर चाकू से हमला कर दी जान, पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया।
रायपुर। राजधानी रायपुर के खम्हारडीह थाना क्षेत्र के कचना हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रविवार शाम उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक युवक ने अपने परिचित की चाकू से हत्या कर दी। हमले में मृतक का बड़ा भाई भी घायल हो गया। आरोपी को पुलिस ने कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया है।
विवाद से शुरू हुई हत्या की वारदात
पुलिस के मुताबिक, कचना हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी सुमीत तांडी अपने छोटे भाई विवेक तांडी के साथ बाजार चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मोहल्ले का ही रहने वाला कृष्णा देवार उर्फ तोडू वहां पहुंचा और विवेक से अपने साथ कहीं चलने की बात कही।
जब विवेक ने इंकार किया, तो कृष्णा देवार गुस्से में आ गया और चाकू से विवेक के पेट में वार कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे सुमीत तांडी पर भी आरोपी ने हमला कर दिया, जिससे उनके हाथ में गंभीर चोट आई।
अस्पताल में तोड़ा दम, मोहल्ले में आक्रोश
गंभीर रूप से घायल विवेक तांडी को परिजन मेकाहारा अस्पताल रायपुर लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद कॉलोनी में आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही खम्हारडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घायल सुमीत तांडी की रिपोर्ट पर आरोपी कृष्णा देवार उर्फ तोडू को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
