रायपुर ब्लू वाटर हादसा: नहाने गए दो छात्र लापता, SDRF की टीम देर रात तक खोज में जुटी

राजधानी रायपुर के माना थाना क्षेत्र में टाटीबंध स्कूल के दो छात्र ब्लू वाटर में नहाने गए थे। अचानक गहराई में उतरने से दोनों डूब गए। SDRF और पुलिस की टीमें मौके पर हैं।
रायपुर। राजधानी के माना थाना क्षेत्र में स्थित ब्लू वाटर खदान एक बार फिर हादसे का केंद्र बन गया है। शुक्रवार शाम टाटीबंध स्कूल के दो छात्र जयेश साहू और मृदुल वंजारिया अपने दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे थे। नहाने के दौरान दोनों छात्र गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते लापता हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही एसडीआरएफ (SDRF) और माना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया। देर रात तक गोताखोरों की मदद से छात्रों की तलाश जारी थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों छात्र अपने अन्य साथियों के साथ पानी में उतर गए थे, लेकिन उन्हें खदान की गहराई का अंदाजा नहीं था। कुछ ही क्षणों में दोनों गहरे हिस्से में समा गए। अन्य दोस्तों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
दो साल पहले भी हुआ था ऐसा हादसा
ब्लू वाटर खदान में इससे पहले भी जानलेवा घटनाएं हो चुकी हैं। वर्ष 2023 में भी दो छात्र इसी तरह नहाने के दौरान डूब गए थे। उस समय चार दोस्त वहां पहुंचे थे, जिनमें से दो की मौत हो गई थी और दो को समय रहते बचा लिया गया था।
स्थानीय प्रशासन ने अपील की
माना थाना पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ब्लू वाटर या किसी भी खदान के गहरे पानी में न जाएं, क्योंकि यहां तैराकी बेहद जोखिम भरी हो सकती है। प्रशासन का कहना है कि खदान की गहराई में तेज़ ढलानें हैं, जिससे तुरंत संतुलन बिगड़ सकता है।
इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। SDRF टीम लगातार क्षेत्र की सर्चिंग कर रही है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
