PM मोदी का फिर रायपुर दौरा: 28 नवंबर को होगा रोड शो, पहली बार कुशाभाऊ ठाकरे परिसर पहुंचने की तैयारी

नया रायपुर में होने वाली आल इंडिया DG–IGP कॉन्फ्रेंस में शामिल होंगे प्रधानमंत्री। भाजपा कार्यालय में PM के आगमन को लेकर पार्टी संगठन में जोरदार तैयारियां।
by - Thaneshwar sahu
रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस माह दूसरी बार रायपुर आने वाले हैं। इस बार वे नया रायपुर में आयोजित होने वाली अखिल भारतीय डीजी–आईजीपी कांफ्रेंस में शामिल होंगे। खास बात यह है कि पीएम मोदी 28 नवंबर की शाम रायपुर पहुंचेंगे और इस दौरान विमानतल से कुशाभाऊ ठाकरे परिसर (भाजपा कार्यालय) तक भव्य रोड शो आयोजित होगा।
इससे पहले कई बार रायपुर दौरे पर आने के बावजूद प्रधानमंत्री कभी भी भाजपा कार्यालय नहीं गए थे। लेकिन इस बार उनके ठाकरे परिसर पहुंचने की पूरी संभावना जताई जा रही है। भाजपा संगठन इसे ऐतिहासिक अवसर मानकर तैयारियों में जुट गया है।
पीएमओ से अंतिम मंजूरी बाकी, पर तैयारियां जोरों पर
भाजपा नेताओं के अनुसार, पीएम मोदी को ठाकरे परिसर आने का निमंत्रण दिया गया है।
अभी पीएमओ से अंतिम मंजूरी मिलना बाकी है, लेकिन पार्टी संगठन ने कार्यक्रम को लगभग तय मानकर परिसर में व्यापक व्यवस्थाएँ शुरू कर दी हैं।
प्रधानमंत्री के कार्यकाल के 11 वर्षों में यह पहली बार हो सकता है कि वे सीधे प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचेंगे।
ठाकरे परिसर बनेगा छावनी
पीएम के आगमन के दौरान ठाकरे परिसर में सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए जाएंगे।
-
केवल सूची में दर्ज लोगों को ही परिसर में प्रवेश की अनुमति होगी।
-
बाकी सभी का प्रवेश रोका जाएगा।
-
पीएम परिसर में कितनी देर रुकेंगे, यह जानकारी पीएमओ से स्वीकृति के बाद तय होगी।
विमानतल से भाजपा कार्यालय तक होगा भव्य स्वागत
प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत की तैयारियाँ पूरे शहर में तेज कर दी गई हैं।
-
रायपुर एयरपोर्ट पर उनका विशेष स्वागत होगा।
-
एयरपोर्ट से ठाकरे परिसर तक करीब एक दर्जन स्थानों पर मंच बनाकर अभिनंदन किया जाएगा।
-
स्वागत में छत्तीसगढ़ी लोक कला, नृत्य दल और सांस्कृतिक समूह शामिल होंगे।
पिछले महीने 31 अक्टूबर को भी इस तरह के स्वागत की तैयारियाँ की गई थीं, लेकिन कार्यक्रम बदलने के कारण वह आयोजन संभव नहीं हो पाया था। इस बार भाजपा संगठन अत्यधिक उत्साहित है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
