राज्योत्सव 2025 में पीएम मोदी की एंट्री: 3.5 लाख घरों की चाबी देंगे, नवा रायपुर में बनेगा अस्थायी पीएमओ – जानिए पूरी तैयारी

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के रजत जयंती वर्ष में इस बार ऐतिहासिक भव्यता देखने को मिलेगी। पीएम मोदी 1 नवंबर को नवा रायपुर पहुंचकर करोड़ों रुपए की सौगात देंगे।
By Thaneshwar Sahu
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य के रजत जयंती वर्ष में आयोजित होने जा रहा राज्योत्सव 2025 इस बार बेहद भव्य और ऐतिहासिक होगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 1 नवंबर को नवा रायपुर के मुख्य समारोह में शामिल होंगे और प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत साढ़े तीन लाख परिवारों को घर की चाबी सौंपेंगे।
कार्यक्रम स्थल पर इस बार अस्थायी पीएमओ (प्रधानमंत्री कार्यालय) भी बनाया गया है, जहां से पीएम की विजिट की मॉनिटरिंग की जाएगी और वे यहीं पर लंच करेंगे।
अधिकारियों के मुताबिक, समारोह में करीब एक लाख लोगों की भीड़ जुटने की संभावना है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हाल ही में मेला स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की।
राज्योत्सव की निगरानी की जिम्मेदारी डिप्टी सीएम अरुण साव, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी और वन मंत्री केदार कश्यप को सौंपी गई है।
भाजपा संगठन की ओर से प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी और क्रेडा चेयरमैन भूपेंद्र सिंह सवन्नी को कार्यकर्ताओं की व्यापक उपस्थिति सुनिश्चित करने का दायित्व दिया गया है।
पीएम मोदी देंगे बड़ी सौगात
कार्यक्रम में पीएम मोदी 3.5 लाख परिवारों को घर की चाबी देने के साथ 1,250 करोड़ रुपये की राशि भी सीधे हितग्राहियों के खातों में ट्रांसफर करेंगे।
मंच से वे बस्तर और सरगुजा समेत विभिन्न जिलों के चयनित हितग्राहियों को खुद चाबी प्रदान करेंगे।
सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था सख्त
प्रधानमंत्री की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। एडीजी दीपांशु काबरा को कमान सौंपी गई है।
5 आईजी, 12 डीआईजी और 2000 पुलिस जवान सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रहेंगे।
1 नवंबर को भारी वाहनों की नो-एंट्री रहेगी। एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक का रूट सामान्य यातायात के लिए बंद रहेगा।
पार्किंग और व्यवस्था
नवा रायपुर में 16 पार्किंग स्थल बनाए गए हैं, जहां 10,000 बाइक, 5,000 बसें और 3,000 कारें पार्क की जा सकेंगी।
लोगों की सुविधा के लिए 100 ई-रिक्शा और बसें निशुल्क सेवा देंगी, जिससे वे सीधे मेला स्थल तक पहुंच सकें।
सांस्कृतिक झलक और प्रदर्शनी
कार्यक्रम में 30 विभागीय स्टॉल लगाए जा रहे हैं, जहां सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों की झलक मिलेगी।
शिल्पग्राम क्षेत्र में प्रदेश के शिल्पकार अपनी कला प्रदर्शित करेंगे और स्थानीय हस्तशिल्प की बिक्री भी करेंगे।
यहां से आगंतुकों को छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, परंपरा और लोकजीवन की झलक देखने को मिलेगी।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
