धमतरी में स्पेशल 26 स्टाइल फर्जी आईटी रेड: पैथालॉजिस्ट के घर छापेमारी करने वाला पूरा गिरोह गिरफ्तार

200 करोड़ की ‘सूचना’ पर बनाई थी फर्जी इनकम टैक्स टीम—12 आरोपी नागपुर, दुर्ग, रायपुर और बालोद से पकड़े गए।
By – Thaneshwar Sahu
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में बॉलीवुड की फिल्म स्पेशल 26 जैसी वारदात को अंजाम देने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश हो गया है। रत्नाबांधा रोड स्थित पैथालॉजिस्ट डॉ. दिलीप राठौर के घर फर्जी इनकम टैक्स अधिकारी बनकर छापेमारी करने वाले दर्जनभर आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
गिरोह को यह झूठी सूचना मिली थी कि डॉक्टर के पास 200 करोड़ रुपए रखे हुए हैं, जिसके बाद उन्होंने पूरी योजना बनाकर छापेमारी का नाटक रचा। लेकिन तलाशी में कुछ भी हाथ न लगने पर सभी आरोपी दो गाड़ियों में बैठकर फरार हो गए थे।
कैसे दी गई थी फर्जी रेड की वारदात?
17 नवंबर की सुबह करीब 11:30 बजे दो वाहनों में सवार 6–7 लोग राठौर के बंगले में पहुंचे। खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताते हुए वे बिना किसी पहचान पत्र या सर्च वारंट के सीधे घर के अंदर घुस गए।
करीब ढाई घंटे तक सभी कमरों, आलमारियों और लॉकरों में तलाशी चलती रही। इस दौरान पैथालॉजिस्ट को घर से बाहर निकलने तक नहीं दिया गया।
तलाशी में कुछ नहीं मिलने पर आरोपी मौके से फरार हो गए।
तकनीकी सुरागों ने खोला पूरा मामला
डॉ. राठौर की शिकायत के बाद कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया। एसपी सूरज सिंह परिहार के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई और साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण शुरू हुआ। सुरागों के आधार पर पुलिस टीम नागपुर, दुर्ग, रायपुर, बालोद और दल्लीराजहरा तक पहुंची और लगातार प्रयासों से सभी 12 आरोपियों को हिरासत में लेकर धमतरी लाया गया।
जांच में खुलासा—200 करोड़ की सूचना पर रची थी पूरी साजिश
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्हें सूत्रों से जानकारी मिली थी कि पैथालॉजिस्ट के घर में 200 करोड़ रुपए रखे हैं। इसी लालच में उन्होंने फिल्म स्पेशल 26 की तरह फर्जी आईटी टीम बनाकर छापेमारी की योजना बनाई।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल टाटा सफारी, स्विफ्ट डिजायर और स्विफ्ट कार, मोबाइल फोन और पास में रखने वाली जूट की बोरी जब्त कर ली है।
सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
कुछ आरोपी पहले से भी अपराधी—पुराने केस मिले
• आरोपी दीपक मोहन वार्ड के खिलाफ परसिवनी व नागपुर में धारा 305 BMS के तहत अपराध दर्ज है।
• आरोपी अमन उत्तम मेश्राम पर नागपुर सिटी में आर्म्स एक्ट और हत्या जैसे गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं।
फर्जी इनकम टैक्स टीम के 12 गिरफ्तार आरोपी
-
बबलू अजबराव नाइक उर्फ नोला (43), नागपुर
-
अर्पण उत्तम मेश्राम (25), नंदनवन, महाराष्ट्र
-
अमर उत्तम मेश्राम (26), नंदनवन, महाराष्ट्र
-
संजय जगतराव शिवरिया उर्फ बाला (52), नागपुर
-
दीपक मोहन वार्ड (22), नागपुर
-
संजय रामटेके (34), झुरीपारा, बालोद
-
गजेन्द्र कुमार साहू (31), कुसुमकसा, दल्लीराजहरा
-
विवेक उर्फ विक्की कोर्सडा (33), बोरसी, दुर्ग
-
उमेश साहू (30), भटगांव, रुद्री
-
जीतेंद्र कुमार बघेल (32), रनचिरई, बालोद—वर्तमान निवास सेजबहार, रायपुर
-
चेतन साहू (44), सांगली, गुरुर, बालोद
-
श्रवण ध्रुव (28), हटकेश्वर वार्ड, धमतरी

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
