चक्रवात 'मोन्था' का असर: बारिश से फसलें चौपट, पुल टूटा और ट्रेनें रद्द, 8 जिलों में यलो अलर्ट

छत्तीसगढ़ में चक्रवात ‘मोन्था’ के असर से सरगुजा और बस्तर संभाग में भारी बारिश, किसानों की फसलें बर्बाद, पुल धंसा और कई ट्रेनें रद्द — मौसम विभाग ने 8 जिलों में अलर्ट जारी किया।
रायपुर। चक्रवात ‘मोन्था’ अब कमजोर पड़ चुका है, लेकिन इसका असर अभी भी छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में देखा जा रहा है।
सरगुजा संभाग के जिलों में आज हल्की से मध्यम बारिश, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने 8 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है।
फसलें भीगकर सड़ने लगीं, किसानों की मेहनत पर पानी
चक्रवात के असर से बस्तर में अचानक हुई बारिश ने किसानों को भारी नुकसान पहुंचाया है।
कहीं खड़ी फसलें झुक गईं, तो कहीं कटे हुए धान की बोरियां और ढेर खेतों में भीगकर सड़ने लगे हैं।
कोंडागांव में पुल टूटा, ग्रामीणों की आवाजाही ठप
कोडागांव जिले के ग्राम आदनार में लगातार बारिश के कारण ‘बड़को नाला’ पुलिया धंसकर टूट गई।
यह पुल लिंगोंपथ-मर्दापाल-भाटपाल-नारायणपुर मार्ग को जोड़ता है और प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत बना था।
गनीमत रही कि पुल टूटने के समय कोई वाहन नहीं गुजर रहा था, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
बस्तर की दो यात्री ट्रेनें रद्द, रेलमार्ग अवरुद्ध
दंतेवाड़ा, बीजापुर, जगदलपुर, सुकमा और नारायणपुर में पिछले दो दिनों से ठंडी हवाएं चल रही हैं और हल्की बारिश हो रही है।
इधर, बस्तर से चलने वाली दो यात्री ट्रेनें रद्द, जबकि दो ट्रेनें शॉर्ट-टर्मिनेट की गई हैं।
चक्रवात की वजह से ओडिशा और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश हो रही है।
केके रेल लाइन पर चिमड़पल्ली के पास लैंडस्लाइड से ट्रैक पर चट्टानें और मिट्टी आ गई हैं।
इससे रेल यातायात प्रभावित है। हालांकि मालगाड़ियां चालू हैं, लेकिन यात्री सेवाएं फिलहाल बंद हैं।
हेल्पलाइन नंबर जारी
वाल्टेयर रेल मंडल ने जगदलपुर और अन्य प्रमुख स्टेशनों पर हेल्पडेस्क बनाए हैं।
यात्रियों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर 08912884714 और 08912884715 जारी किए गए हैं।
यात्रा से पहले यात्री इन नंबरों पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
8 जिलों में यलो अलर्ट, तापमान में गिरावट
मौसम विभाग ने कोरिया, सूरजपुर, बलरामपुर, जशपुर, सरगुजा, रायगढ़, बिलासपुर और जीपीएम जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है।
इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज बारिश की संभावना है।
पिछले 24 घंटों में प्रदेश का अधिकतम तापमान 30.3°C और न्यूनतम तापमान 19.2°C (पेंड्रा) रिकॉर्ड किया गया।
बेमौसम बारिश से धान की फसल को नुकसान होने की संभावना है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
