रायपुर में 2.5 साल के मासूम की हत्या: सौतेला पिता 15 दिन तक पीटता रहा, कब हुआ खुलासा?

कबीर नगर थाना क्षेत्र में दिल दहला देने वाली वारदात। सौतेले पिता आकिब और मां रेशमी ने मासूम को लगातार पीटकर मौत के घाट उतारा। पुलिस ने दोनों को किया गिरफ्तार।
by - Thaneshwar sahu
रायपुर। राजधानी रायपुर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक ढाई साल के मासूम को उसके सौतेले पिता ने बेरहमी से पीट-पीटकर मार डाला। मामला कबीर नगर थाना क्षेत्र का है। बच्चे का नाम प्रशांत था, जो अपनी मां रेशमी ताम्रकार के साथ रहता था।
जानकारी के मुताबिक आरोपी सौतेले पिता का नाम आकिब प्रशांत (आकिब खान) है, जबकि बच्ची की मां रेशमी ताम्रकार (24) है। रेशमी पहले शादीशुदा थी और उसके तीन बच्चे थे। इनमें से दो बच्चे ननिहाल में थे, जबकि सबसे छोटा बच्चा प्रशांत उसके साथ ही रहता था।
15 दिन तक चलती रही पिटाई, मासूम की सांसें छिन गईं
आकिब बच्चे से चिढ़ता था और अक्सर उसे मुक्कों से मारता था। पुलिस के अनुसार आरोपी पिछले 15 दिनों से बच्चे को नाक और सीने पर लगातार पीट रहा था। बच्चे के शरीर पर कई चोटों के निशान मिले हैं, जो हिंसा की गंभीरता को दर्शाते हैं।
मौत के बाद खुला पूरा मामला
18 नवंबर को प्रशांत की तबीयत बिगड़ने पर उसे एम्स रायपुर लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से मिली सूचना के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
शॉर्ट PM रिपोर्ट में मौत को ‘अननेचुरल’ बताया गया, जिसके बाद पुलिस ने माता-पिता से पूछताछ शुरू की।
पूछताछ में सामने आया कि रेशमी और आकिब पिछले दो साल से साथ रह रहे थे और उन्होंने लव मैरिज की थी। दोनों रायपुर के हीरापुर, सतनामी पारा में किराए पर रहते थे।
बच्चे के कारण तनाव, सौतेला पिता रास्ते से हटाना चाहता था
कबीर नगर थाना प्रभारी सुनील दास के मुताबिक आकिब बच्चे से बेहद चिढ़ता था। आरोपी के पिता ने भी उसे कहा था कि “रेशमी अकेली हो तो उसे रखेंगे, लेकिन बच्चों के साथ नहीं।”
इसी सोच के चलते दोनों बच्चे को “रास्ते से हटाने” की योजना बना रहे थे।
आकिब रोज बच्चे को पीटता था और लगातार हिंसा के कारण मासूम की जान चली गई।
दोनों आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता देखते हुए पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और
सौतेले पिता आकिब खान (पिता—वकील कुरैशी, निवासी मोहन नगर दुर्ग)
और रेशमी ताम्रकार
को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
