नवा रायपुर में 10 अक्टूबर को कैबिनेट बैठक, दिव्यांगजनों और शिक्षकों के लिए बड़े फैसले संभव

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में नवा रायपुर मंत्रालय में आज सुबह 11:30 बजे मंत्री परिषद की बैठक शुरू होगी। पिछली बैठक में वित्त, दिव्यांग कल्याण और शिक्षा विभाग से जुड़े कई अहम निर्णय लिए गए थे।
रायपुर। छत्तीसगढ़ के नवा रायपुर मंत्रालय भवन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज सुबह 11:30 बजे मंत्री परिषद की बैठक आयोजित की गई है। यह बैठक मंत्रालय स्थित मंत्रिपरिषद कक्ष क्रमांक एम-5/20 में होगी।
इससे पहले 30 सितंबर को हुई कैबिनेट बैठक में कई विभागों से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए थे, जिन पर आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को अधिकृत किया गया था।
🔹 वित्तीय सहायता योजना
शासकीय सेवकों की आकस्मिक वित्तीय आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए राज्य सरकार ने बैंकों के माध्यम से वेतन के विरुद्ध अल्पावधि ऋण सुविधा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया था। इसके लिए वित्त विभाग को बैंक/वित्तीय संस्थाओं से प्रस्ताव मंगाने और एमओयू तैयार करने की अनुमति दी गई।
🔹 दिव्यांगजनों के हित में बड़ा फैसला
राज्य सरकार ने राष्ट्रीय दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम (NDFDC) की बकाया ऋण राशि ₹24.50 करोड़ एकमुश्त वापस करने का निर्णय लिया। इस राशि से राज्य के दिव्यांगजनों को स्वरोजगार और शिक्षा हेतु न्यूनतम 3% ब्याज दर पर ऋण उपलब्ध कराया जाता है।
🔹 शिक्षा विभाग में भर्ती नियमों में राहत
100 स्पेशल एजुकेटर की सीधी भर्ती के लिए स्कूल शिक्षा विभाग को अस्थायी रूप से भर्ती एवं पदोन्नति नियम-2019 में छूट दी गई है। अब इन पदों पर चयन परीक्षा के बजाय मेरिट के आधार पर नियुक्ति की जाएगी।
🔹 प्रशासनिक फेरबदल
बैठक में मुख्य सचिव अमिताभ जैन को सेवानिवृत्ति पर विदाई दी गई और नवनियुक्त मुख्य सचिव विकास शील (IAS, 1994 बैच) का स्वागत किया गया।

Niraj Tiwari
Independent journalist with 5 years of hands-on experience covering ground reports, interviews, and investigative stories. Committed to truthful reporting and ethical journalism.
